Madhubani News: महादलितों का फूटा गुस्सा, किया प्रदर्शन
Madhubani News: मधवापुर के अवारी गांव में महादलित समुदाय के पुरुषों और महिलाओं ने सीओ सुनील कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 1976 में दिए गए भूमि पर्चों के बावजूद उन्हें अब तक जमीन का कब्जा नहीं मिला। वे लोग भूख हड़ताल की चेतावनी भी दी है।

Madhubani News: मधवापुर, निज प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र के अवारी गांव में महादलित समुदाय की महिला पुरुषों ने मधवापुर सीओ के खिलाफ जम कर विरोध प्रदर्शन किया। रविवार को आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन के दौरान देर तक नारेबाजी भी की। सीओ सुनील कुमार के खिलाफ गुस्साए लोगों ने ऐसे अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया जिसे खुल कर बताया नहीं जा सकता। विरोध जता रहे लोगों का आरोप है कि सरकार ने वर्ष 1976 में 24 भूमिहीनों को बसने के लिए पर्चा उपलब्ध कराया था। लेकिन, 50 साल बाद भी आज तक पर्चा धारकों को जमीन पर कब्जा नहीं दिलाया गया। जबकि, दाखिल-खारिज, पर्चा व अद्यतन रसीद होने के बावजूद भी उनकी बातों को दरकिनार किये जाने का आरोप, लोगों ने सीओ पर लगाया। कब्जा दिलाने की अर्जी लेकर जाने वाले लोगों को कार्यालय से फटकार कर भगा दिये जाने की बात भी लोगों ने कही। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि इस मामले को लेकर दवंगों ने छह महीने पहले फरवरी में उन लोगों के साथ मारपीट भी की।
प्रदर्शन का मुद्दा
फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। वे लोग केस लड़ते लड़ते परेशान हो चुके हैं। वहीं सीओ उन्हें उनके अधिकार से वंचित करना चाह रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी के लहजे में कहा कि अगर उनकी उपेक्षा इसी तरह से की जाती रही, तो जल्द ही वे लोग अपनी मांग के समर्थन में भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
प्रदर्शन में शामिल लोग
रामू राम, संतोष राम, लाल बिहारी पासवान, शत्रुघ्न राम, छोटू राम, बिल्टू पीतांबर राम, रामपरी देवी, शांति देवी, भोगी पासवान शिव दुलारी देवी, दुखनी देवी आदि विरोध प्रदर्शन में शामिल थी।


