गदयानी-सप्ता-शंकर चौक मार्ग वर्षों से बदहाल, पैदल चलना दूभर

Mar 08, 2026 04:54 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मधुबनी
share

मधुबनी के गदयानी से सप्ता और शंकर चौक की सड़क की स्थिति बेहद खराब है। स्थानीय लोग, विशेषकर छात्र और बुजुर्ग, को आवाजाही में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों और जलजमाव के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क की शीघ्र मरम्मत की मांग की है।

गदयानी-सप्ता-शंकर चौक मार्ग वर्षों से बदहाल, पैदल चलना दूभर

मधुबनी । नगर निगम क्षेत्र के गदयानी से सप्ता और शंकर चौक की ओर जाने वाली सड़क वर्षों से बदहाल है। यह सड़क स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से होकर आसपास के कई मोहल्लों और गांवों के लोग रोज आवाजाही करते हैं। इनमें छात्र-छात्राएं, नौकरीपेशा लोग, व्यवसायी और आम नागरिक शामिल हैं। इसके बावजूद इस सड़क की स्थिति लंबे समय से बेहद खराब बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि इस मार्ग से पैदल गुजना भी मुश्किल हो रहा है। जगह-जगह गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं।

इन गड्ढों में बरसात के दिनों में पानी भरने से हालात और गंभीर हो जाते हैं। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार लोग गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। बरसात के मौसम में इस सड़क की स्थिति और भी दयनीय हो जाती है। हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा रहता है और कई दिनों तक नहीं निकल पाता। जलजमाव के कारण सड़क की मिट्टी और परत और भी कमजोर हो जाती है, जिससे गड्ढों का आकार लगातार बढ़ता जाता है। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है और कई बार वाहनों के खराब होने की भी शिकायत सामने आती है।इस मार्ग से होकर रोजाना स्कूली बच्चे और बुजुर्ग भी गुजरते हैं, जिन्हें सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है। बारिश के दिनों में बच्चों को स्कूल जाने में कठिनाई होती है, वहीं बुजुर्गों के लिए इस रास्ते पर चलना किसी जोखिम से कम नहीं होता। कई बार कीचड़ और पानी के कारण लोगों को दूसरे लंबे रास्तों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी होती है।स्थानीय लोगों ने कई बार नगर निगम और संबंधित विभागों से इस सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। सड़क के गड्ढे लगातार बड़े होते जा रहे हैं और इससे दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ती जा रही है।स्थानीय नागरिकों का मानना है कि इस सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जानी चाहिए और इसे मजबूत एवं टिकाऊ तरीके से बनाया जाना चाहिए। साथ ही सड़क के किनारे नालियों का निर्माण भी आवश्यक है, ताकि बारिश के समय पानी का उचित निकास हो सके और जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके। यदि प्रशासन इस दिशा में शीघ्र पहल करता है, तो न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी बल्कि क्षेत्र में आवागमन भी सुगम हो सकेगा।जर्जर सड़क से आवागवन में समस्या : जर्जर सड़क के कारण इस मार्ग से आवागमन करने वाले राहगीरों और स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उबड़-खाबड़ सतह होने की वजह से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी इस रास्ते से गुजरने में काफी दिक्कत होती है, जिससे कई बार दुर्घटना की स्थिति भी बन जाती है।स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति का सीधा असर उनके व्यवसाय पर पड़ रहा है। खराब सड़क और कीचड़ की वजह से लोग इस इलाके में आने से कतराने लगे हैं। इससे दुकानों पर ग्राहकों की संख्या पहले की तुलना में काफी कम हो गई है।इस इलाके में मछली बाजार भी स्थित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग खरीदारी करने आते हैं। लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को बाजार तक पहुंचने में काफी कठिनाई होती है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब सड़क पर कीचड़ और जलजमाव हो जाता है। ऐसे में स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुगम हो सके और बाजार की गतिविधियां सामान्य रूप से चल सकें।मोहल्ले में सफाई नहीं होने से दुर्गंध से लोग हो रहे परेशानइलाके में नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह कूड़ा-कचरा फैला रहता है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ले की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर जमा हो जाने से आसपास का वातावरण दूषित हो गया है। कचरे के सड़ने से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल जाती है, जिससे लोगों का वहां से गुजरना भी मुश्किल हो जाता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की ओर से नियमित रूप से कचरा उठाव और सफाई नहीं होने के कारण यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। कई बार लोग अपने घरों का कचरा सड़क किनारे ही फेंक देते हैं, क्योंकि कचरा उठाने की व्यवस्था समय पर नहीं होती। इससे कचरे का ढेर बढ़ता जाता है और आसपास गंदगी का माहौल बन जाता है।गंदगी के कारण मच्छरों और अन्य कीट-पतंगों की संख्या भी बढ़ गई है, जिससे बीमारियों का खतरा बना रहता है। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका बुरा असर पड़ सकता है। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि इलाके में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाए और कचरा उठाव की व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी लंबे समय तक सड़क पर जमा रहता है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने कई बार नगर निगम से सड़क मरम्मत की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। लोगों ने प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।--------------------₹₹₹बोले जिम्मेदार--------------------------गदयानी सप्ता इलाके की समस्या की जानकारी मिली है। इस समस्या को जल्द से जल्द दूर किया जाएगा। गदयानी सप्ता मोहल्ले में सड़कों की नियमित साफ-सफाई व कचरा उठाव के लिए सफाईकर्मियों की नियुक्ति की गई है और क्षेत्र की साफ-सफाई नियमित रूप से की जा रही है। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी को क्षेत्र की साफ-सफाई के लिए निर्देश दिए गए हैं।-उमेश कुमार भारती, नगर आयुक्त, मधुबनी

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।