
थाने में हो रही थी चोर से पूछताछ, बाहर पुलिस की बाइक चोरी
मधुबनी में पुलिस और बाइक चोर गिरोह के बीच संघर्ष चल रहा है। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, लेकिन इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस की बाइक चुरा ली। सिपाही मोती कुमार की बाइक मॉल के बाहर से चोरी हुई। CCTV फुटेज में चोर को बाइक चुराते हुए देखा गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
मधुबनी। तुम डाल-डाल हम पात-पात। जी हां मधुबनी पुलिस और बाइक चोर गिरोह के बदमाशों के बीच यही चल रहा है। चोरी गई बाइक के साथ गिरफ्तार दो बदमाशों से रविवार शाम जब नगर थाना में पुलिस पूछताछ में जुटी थी उसी समय थाना के बाहर एक मॉल के सामने से बदमाश पुलिस की बाइक चुरा ले गया। पुलिस के आलाधिकारी चोरी गई चार बाइक के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार करने पर नगर पुलिस की पीठ थपथपा ही रही थी इसी दौरान थाना कैंपस के ही सिपाही मोती कुमार बाइक चोरी होने की शिकायत लेकर पहुंच गए। सिपाही की बात सुनकर नगर थाना के पुलिस कर्मी हैरान रह गए।
मोती कुमार नगर थाना कैंपस स्थित अनुमंडल अग्निशामालय कार्यालय में चालक सिपाही पद पर कार्यरत हैं। रविवार शाम करीब 4:00 बजे सिपाही थाना से करीब 250 मीटर दूर सिटी कार्ट मॉल गए थे। हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल मॉल के सामने लगाकर अंदर गए। कुछ देर बाद वापस लौटे तो बाइक गायब थी। मॉल का सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया तो एक बदमाश पुलिस कर्मी की बाइक पर बैठा देखा गया। बदमाश कुछ देर बाइक पर बैठा फिर मास्टर चाबी से गाड़ी खोलकर डाकघर की और निकल पड़ा। लोगों की माने तो बदमाश जानबूझकर पुलिस की बाइक को निशाना बनाया। जहां से बाइक चोरी की गई वहां कतार में कई बाइक लगी थी। पुलिस कर्मी के बाइक के नंबर प्लेट पर पुलिस का लोगो भी था। शहर में हर दिन बाइक चोरी की घटना सामने आ रही है। बढ़ती बाइक चोरी की घटना से लोगों में दहशत है। नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि चालक सिपाही मोती कुमार के बयान पर एफआईआर दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार बाइक की बरामदगी एवं चोर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




