बेता परसा पंचायत में हो रहा पैक्स उप चुनाव
हरलाखी प्रखंड की बेता परसा पंचायत में आज सोमवार को पैक्स का उप चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। दो वर्ष पूर्व निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष के निधन के...

हरलाखी। एक संवाददाता
हरलाखी प्रखंड की बेता परसा पंचायत में आज सोमवार को पैक्स का उप चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। दो वर्ष पूर्व निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष के निधन के बाद रिक्त स्थान पर पुनः मतदान कराया जा रहा है। इस उप चुनाव में कुल दो उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष स्व. रामलखन मंडल की पुत्रवधु शोभा देवी और क्षेत्र संख्या-2 की जिला परिषद सदस्य रीना देवी के पति गोपाल कुमार मंडल बतौर उम्मीदवार खड़े हैं। बेता परसा के पैक्स गोदाम पर ही चुनाव कराया जा रहा है। चुनाव के बाद प्रखंड कार्यालय में मतगणना सम्पन्न होगी। 12 बजे तक कुल 1392 मतदाताओं में 620 मतदान किये गए हैं। निर्वाची पदाधिकारी व बीडीओ कृष्णमुरारी एवं बीसीओ सतीश प्रसाद वर्मा ने बताया कि मतदान के बाद आज ही होगी मतगणना और परिणामों की भी घोषणा कर दिए जाएंगे। मतदान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। हरलाखी थाना के एसआई अरुण कुमार दुबे दलबल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद है।
