Madhubani News: कृषि सखियों को रसायनमुक्तखेती की बारीकियों से कराया गया रूबरू
Madhubani News: झंझारपुर में सुखेत कृषि विज्ञान केंद्र पर कृषि सखियों के लिए एक पांच दिवसीय प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ दरभंगा के रसायन उप निदेशक और सहायक निदेशक की उपस्थिति में किया गया। विशेषज्ञों ने रसायनमुक्त खेती के तरीकों और जैविक इनपुट बनाने की विधियों पर जानकारी दी।

Madhubani News: झंझारपुर,निज संवाददाता। रसायन मुक्त खेती और धरती की सेहत सुधारने की दिशा में एक बड़ी पहल शुरू हुई है। झंझारपुर स्थित सुखेत कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) में गुरुवार को ‘कृषि सखियों’ के लिए पांच दिवसीय प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण शिविर का आगाज दीप प्रज्वलित कर किया गया।
प्रशिक्षण का शुभारंभ
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के अधीन संचालित इस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दरभंगा के रसायन उप निदेशक और सहायक निदेशक की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम के शुरुआत में केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ. एस. के.गंगवार ने अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कृषि सखियों को इस पांच दिवसीय कार्यशाला के मुख्य उद्देश्यों से अवगत कराते हुए प्रशिक्षण की संपूर्ण रूपरेखा साझा की।
विशेषज्ञों की उपस्थिति
तकनीकी सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने प्राकृतिक खेती के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। पादप संरक्षण विशेषज्ञ डॉ. राहुल सिंह राजपूत ने प्रतिभागियों को रसायनमुक्त खेती की बारीकियों से रूबरू कराया। उन्होंने खेतों में प्रयोग होने वाले जैविक इनपुट (जैव-आदान) तैयार करने की आसान विधियों की जानकारी दी। वहीं,पशु विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. जगपाल ने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक खेती की असली रीढ़ देसी गाय और अन्य कृषि पशु हैं। उन्होंने गोबर और गोमूत्र के बेहतर इस्तेमाल के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण वर्मीकंपोस्ट (केंचुआ खाद) तैयार करने की तकनीकों का व्यावहारिक डिमॉन्स्ट्रेशन दिया।
कार्यक्रम का समापन
समापन अवसर पर सभी सहभागी कृषि सखियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। वैज्ञानिकों ने उन्हें प्रेरित करते हुए कहा कि वे यहां सीखे गए कौशलों को केवल अपने तक सीमित न रखें, बल्कि अपने-अपने खेतों में इसे लागू कर गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत बनें।

