संगीत के शिक्षक नहीं, स्कूल में भेज दिया हारमोनियम,तबला व ढोलक

Apr 06, 2026 10:29 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मधुबनी
share

घोघरडीहा के स्कूलों में लाखों रुपये खर्च कर संगीत वाद्य यंत्र पहुंचाए गए हैं, लेकिन संगीत सिखाने वाले शिक्षक नहीं हैं। 153 विद्यालयों में से केवल कुछ उच्च विद्यालयों में संगीत शिक्षक हैं, जबकि मध्य और प्राथमिक विद्यालयों में कोई नहीं। परिणामस्वरूप, वाद्ययंत्र बेकार पड़े हैं और बच्चों की संगीत शिक्षा प्रभावित हो रही है।

संगीत के शिक्षक नहीं, स्कूल में भेज दिया हारमोनियम,तबला व ढोलक

घोघरडीहा, निज संवाददाता। शिक्षा विभाग की योजनाओं का अंदाज निराला है। पहले वाद्ययंत्र भेज दिया अब उसे बजाने वाले को ढूंढ रहे हैं। कुछ ऐसा ही हाल है घोघरडीहा प्रखंड के स्कूलों का है। जहां लाखों रुपये खर्च कर संगीत वाद्य यंत्र तो पहुंचा दिया गया, लेकिन उन्हें सिखाने वाला एक भी संगीत शिक्षक स्कूलों में मौजूद नहीं है। प्रखंड क्षेत्र में कुल 153 विद्यालय हैं। इनमें से 19 उच्च विद्यालय, 49 मध्य विद्यालय और 85 प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। मध्य और प्रथमिक विद्यालयों की संख्या 134 है। सभी विद्यालयों को हारमोनियम,तबला,ढोलक, की बोर्ड और लाउडस्पीकर जैसे वाद्ययंत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं।

योजना का उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही संगीत शिक्षा से जोड़ना और उनकी रचनात्मक क्षमता का विकास करना है। जमीनी हकीकत यह है कि घोघरडीहा प्रखंड के मात्र कुछ उच्च विद्यालयों में ही संगीत शिक्षक पदस्थापित हैं। मध्य और प्राथमिक विद्यालयों में एक भी संगीत शिक्षक नहीं है। ऐसे में इन स्कूलों में रखे गए वाद्ययंत्र फिलहाल बेकार पड़ा हुआ है। जो कार्यालयों में बंद पड़े हुए हैं। शिक्षकों के अनुसार संगीत एक विशेष विद्या है, इसे सिखाने के लिए प्रशिक्षण और दक्षता दोनों जरूरी है। सामान्य शिक्षक बच्चों को तबला या की बोर्ड नहीं सिखा सकते हैं। विद्यालयों में हारमोनियम अलमारी की शोभा बढ़ा रहा है, तबला धूल फांक रहा है और की बोर्ड बच्चों के लिए किसी रहस्यमयी मशीन से कम नहीं। बच्चे उत्सुक हैं पर मार्गदर्शन के अभाव में यह संसाधन उपयोग से दूर है।इस संबंध में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रियंका पारुल ने बताया कि संगीत शिक्षा बच्चों के विकास के लिए जरूरी है। मीडिल और प्रथमिक स्कूलों में संगीत शिक्षक की कमी रहने की जानकारी विभाग को वरीय अधिकारी स्तर से भेजी जाएगी। ताकि आगे शिक्षक के पदस्थापन को लेकर आवश्यक कार्रवाई हो सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।