मिथिला कला उत्सव 14 को, मिथिला की कला, संस्कृति, परंपरा एवं शिल्प का होगा भव्य प्रदर्शन
मधुबनी में 14 दिसंबर को आयोजित होने वाले मिथिला कला उत्सव की तैयारियों में तेजी आई है। कार्यक्रम संयोजक धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें उत्सव की सजावट और संचालन की योजनाओं पर चर्चा की गई। यह उत्सव मिथिला की कला और संस्कृति का भव्य प्रदर्शन होगा।
मधुबनी,हिन्दुस्तान टीम। संस्कार भारती के उत्तर बिहार प्रांत द्वारा आयोजित किए जाने वाले मिथिला कला उत्सव को सफल बनाने की दिशा में तैयारी तेज हो गई है। 14 दिसंबर को स्थानीय रिजनल सेकेंडरी स्कूल में होने वाले इस बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक पंडौल के लक्ष्मीपुर गांव में कार्यक्रम के संयोजक धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में हुआ। बैठक में आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं ने विस्तृत विचार-विमर्श किया। उत्सव के सुचारू संचालन के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की भावना व्यक्त की। संस्कार भारती के प्रांत सह- महामंत्री व कार्यक्रम संयोजक धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि यह उत्सव मिथिला की कला, संस्कृति, परंपरा एवं शिल्प का भव्य प्रदर्शन होगा, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में परिसर सजावट को लेकर विशेष रूप से चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि रिजनल सेकेंडरी स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर मंच तक पूरे परिसर को पारंपरिक मधुबनी पेंटिंग, मैथिल सजावट, आधारित कला और तोरण द्वारा सजाया जाएगा, ताकि आगंतुकों को मिथिला की सांस्कृतिक विरासत की वास्तविक झलक मिल सके। बैठक में मिथिला कला उत्सव के सहसंयोजक सिंगापुर से अंजनी झा, मार्गदर्शक साहित्यकार प्रो शुभ कुमार वर्नवाल, राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित शिक्षिका चंदन दत्त, माला झा, ग्लोबल एक्सक्यूटिव हेड ,बीएफएम, यूएसए, सहरसा जिला महामंत्री रवि कुमार, सहरसा जिला मंचीय कला संयोजक राहुल गौरव, दरभंगा से पुरातत्वविद संस्कार भारती उत्तर बिहार के कला धरोहर संयोजक मुरारी झा, संस्कार भारती उत्तर बिहार सदस्य डॉ. राजकुमार भारती, प्रो.अमित भारती, मधुबनी जिला संयोजक शैलेंद्र पाण्डेय, मिथिला चित्रकला के कलाकार संस्कार भारती मधुबनी सोनू निशांत, विनोद ,फाइन आर्ट युवा कलाकार गोविंद, भू अलंकरण के उभरते युवा कलाकार अमरजीत, सामाजिक कार्यकर्ता गौरव, आदित्य, अविनाश, आनंद आदि थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




