निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर खाद बिक्री पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
खजौली में प्रखंड प्रमुख कुमारी उषा की अध्यक्षता में रबी 2025-26 के लिए उर्वरक निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई, विशेष रूप से गेहूं बुआई के लिए बीज की कमी और उर्वरकों की उचित दर पर उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
खजौली, निज प्रतिनिधि। प्रखंड कृषि भवन सभागार में प्रखंड प्रमुख कुमारी उषा की अध्यक्षता में रबी 2025-26 के लिए उर्वरक निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड कृषि पदाधिकारी, उर्वरक विक्रेता एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में प्रमुख कुमारी उषा ने कहा कि गेहूं बुआई के समय किसानों को बीज की कमी से परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने उर्वरक विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी किसान को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद नहीं बेची जाए और सभी प्रकार के उर्वरक उचित दर पर उपलब्ध कराए जाएं। जिप सदस्य दीपक कुमार सिंह ने कहा कि किसानों को गेहूं बीज, डीएपी, यूरिया एवं अन्य उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना सभी विक्रेताओं की जिम्मेदारी है।
इसके लिए कृषि पदाधिकारी, प्रमुख व जनप्रतिनिधियों द्वारा एकमत से विक्रेताओं को निर्देशित किया गया। प्रखंड कृषि पदाधिकारी यासमीन बानो ने बैठक में उपस्थित नहीं होने वाले सभी उर्वरक दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी विक्रेता सरकार द्वारा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर उर्वरक बेचते पाए गए तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष विनोद पांडेय, जिप सदस्य दीपक कुमार सिंह, विधायक प्रतिनिधि शंभुनाथ ठाकुर सहित अन्य उर्वरक विक्रेता मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




