961 लीटर देसी-विदेशी शराब जब्त,तीन धंधेबाज गिरफ्तार
झंझारपुर में उत्पाद विभाग ने दो स्थानों पर छापेमारी कर 961 लीटर शराब जब्त की। पहली कार्रवाई में अनिल यादव को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरी में दो अन्य शराब धंधेबाजों को पकड़ा गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब धंधेबाजों में हड़कंप मच गया है।
झंझारपुर,निज प्रतिनिधि। उत्पाद विभाग ने अपने क्षेत्र अंतर्गत दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर शराब धंधेबाजों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान कुल 961 लीटर देसी व विदेशी शराब जब्त की गई, एक स्कॉर्पियो वाहन को कब्जे में लिया गया तथा तीन शराब धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से शराब धंधेबाजों में हड़कंप मच गया है। पहली छापेमारी गुप्त सूचना के आधार पर फुलपरास थाना क्षेत्र के सुगा पट्टी वार्ड संख्या-10 में की गई। छापेमारी का नेतृत्व एक्साइज इंस्पेक्टर पंकज कुमार ने किया। उनके साथ सब इंस्पेक्टर मनीषा कुमारी, एएसआई संजय चौधरी एवं सशस्त्र बल की टीम शामिल थी।
टीम ने सुगा पट्टी स्थित एक किराना दुकान पर छापा मारा, जहां अनिल यादव नामक युवक किराना दुकान की आड़ में शराब का अवैध धंधा कर रहा था। मौके से 25.925 लीटर देसी एवं विदेशी शराब बरामद की गई और आरोपी अनिल यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरी कार्रवाई एक्साइज इंस्पेक्टर मोहम्मद ताहिर हसन के नेतृत्व में अन्धरामठ थाना क्षेत्र के पांची पुल के समीप की गई। यहां नेपाल से स्कॉर्पियो वाहन के माध्यम से भारी मात्रा में देसी शराब लाई जा रही थी। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 936 लीटर देसी शराब जब्त की गई। इस मामले में दो धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धोबिया याही लोकही थाना क्षेत्र के नीतीश कुमार कामत एवं मंशापूर लोकही थाना क्षेत्र के कृष्ण देव कुमार यादव के रूप में हुई है। जबकि एक धंधेबाज पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा। थानाध्यक्ष नीलकमल मिश्रा ने बताया कि दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। उत्पाद विभाग की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में शराब धंधेबाजों में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




