Madhubani Residents Struggle with Incomplete Drain Construction and Poor Sanitation तिलक चौक से गोशाला चाैक तक अधूरे नाला निर्माण से बढ़ी परेशानी, Madhubani Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsMadhubani NewsMadhubani Residents Struggle with Incomplete Drain Construction and Poor Sanitation

तिलक चौक से गोशाला चाैक तक अधूरे नाला निर्माण से बढ़ी परेशानी

मधुबनी नगर निगम क्षेत्र में तिलक चौक से गोशाला चौक तक नाला निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। खुदाई के कारण सड़क संकीर्ण हो गई है, जिससे यातायात में कठिनाई और जलजमाव की समस्या बढ़ गई है। दुकानदारों का...

Newswrap हिन्दुस्तान, मधुबनीFri, 29 Aug 2025 04:33 PM
share Share
Follow Us on
तिलक चौक से गोशाला चाैक तक अधूरे नाला निर्माण से बढ़ी परेशानी

मधुबनी । मधुबनी नगर निगम क्षेत्र के तिलक चौक से लेकर गोशाला चौक तक नाला निर्माण कार्य के लिए महीनों पूर्व सड़क के किनारे खुदाई की गई थी। निगम प्रशासन ने इस कार्य की शुरुआत कर लोगों को उम्मीद दिलाई थी कि इलाके में लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या का समाधान होगा और लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। लेकिन विडंबना यह है कि महीनों बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा ही पड़ा है। अधूरे नाला निर्माण की वजह से अब हालात और भी बदतर हो गए हैं। खुदाई के बाद जहां नाला निर्माण होना था, वहां महीनों से गड्ढे वैसे ही पड़े हैं।

बारिश का मौसम आते ही इन गड्ढों में गंदा पानी भर जाता है। पानी सूखने के बाद कीचड़ हो जाता है, जिससे इलाके का माहौल अस्वच्छ हो गया है। दुकानदारों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले यह सड़क चौड़ी थी और यातायात सामान्य रूप से चलता था, लेकिन खुदाई होने के कारण सड़क संकीर्ण हो गई है। अब छोटे-बड़े वाहन चालकों को यहां से निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हल्की सी बारिश होते ही सड़क पर जलजमाव की स्थिति बन जाती है। गड्ढों में भरे गंदे पानी की वजह से सड़क पर कीचड़ फैल जाता है। लोग पैदल चलने से भी कतराने लगे हैं। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता अब खतरे से खाली नहीं है। आए दिन किसी न किसी वाहन का पहिया फिसलने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। जाम की समस्या तो आम हो गई है। संकीर्ण रास्ते से गुजरने में घंटों समय लग जाता है।

दुकानदारों का व्यापार प्रभावित: गोशाला चौक और तिलक चौक के बीच अवस्थित दुकानदारों का कहना है कि अधूरे नाला निर्माण के कारण उनका व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। गड्ढों में जमा गंदे पानी से उठने वाली दुर्गंध ग्राहकों को परेशान कर रही है। दुकानों के सामने फैली गंदगी से ग्राहक खरीदारी करने से बचते हैं। व्यापारी वर्ग का कहना है कि नगर निगम की लापरवाही की वजह से उनका धंधा चौपट हो गया है। पानी जमा होने से बीमारियों की आशंका: इलाके के लोगों ने चिंता जताई है कि गड्ढों में जमा पानी और कचरा बीमारियों को जन्म दे रहे हैं। मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक रोग फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि बदबू और गंदगी से उनका जीना मुश्किल हो गया है। बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि निगम प्रशासन ने नाला निर्माण कार्य की शुरुआत तो की, लेकिन समय पर इसे पूरा नहीं कराया। इससे साफ है कि कार्य के प्रति लापरवाही बरती गई है। काम अधूरा छोड़ देने से लोगों की दिक्कतें बढ़ी हैं, जबकि नगर निगम की जिम्मेदारी है कि वह जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करे। अधिकारियों और ठेकेदारों की लापरवाही का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। इलाके के निवासियों और दुकानदारों ने एक स्वर में मांग की है कि अधूरे नाला निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराया जाए। गड्ढों को भरकर सड़क को पहले जैसी चौड़ाई दी जाए, ताकि आवागमन में सुविधा हो सके। इसके अलावा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गड्ढों में गंदा पानी और कचरा जमा न हो।

इलाके में साफ-सफाई नहीं होने से दिक्कत: मधुबनी नगर निगम क्षेत्र के तिलक चौक से गौशाला चौक तक का इलाका इन दिनों गंदगी और बदहाल व्यवस्था से जूझ रहा है। इलाके में नियमित सफाई नहीं होने की वजह से सड़कों और गलियों में कचरे के ढेर लगे रहते हैं। इससे उठने वाली दुर्गंध ने स्थानीय निवासियों और दुकानदारों का जीना दूभर कर दिया है। स्थिति को और खराब कर रहा है अधूरा पड़ा नाला निर्माण कार्य। महीनों पूर्व सड़क किनारे खुदाई कर नाला निर्माण की शुरुआत की गई थी, लेकिन कार्य बीच में ही रोक दिए जाने के कारण जगह-जगह गड्ढे बने रह गए हैं। बरसात का पानी इन गड्ढों में जमा होकर दुर्गंध फैलाता है। गंदा पानी और कचरा मिलकर संक्रमण और बीमारियों के खतरे को बढ़ा रहे हैं। मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का डर मुहल्लवासियों को सता रहा है। वहीं, दुकानदारों का कहना है कि गंदगी और बदबू से ग्राहक उनके दुकान पर आने से भी कतराने लगे हैं। इससे हमलोगों का अब रोजगार प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों की मांग है कि जल्द इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जाएं। नाला निर्माण को लेकर अधूरे कार्य से आवागमन में समस्या मधुबनी नगर निगम क्षेत्र के कई हिस्सों में नाला निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। निर्माण कार्य के दौरान सड़कों के किनारे गहरी खुदाई कर दी गई, लेकिन लंबे समय से इस कार्य को पूरा नहीं किया गया। नतीजतन खुदाई के कारण सड़कें संकीर्ण हो गई है। इससे लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाला निर्माण का काम महीनों पहले शुरू किया गया था। शुरुआत में तेज़ी से काम चला, लेकिन कुछ ही दिनों बाद ठेकेदार और संबंधित विभाग ने कार्य को बीच में ही रोक दिया। अब खुदाई किए गड्ढे वैसे ही पड़े हुए हैं, जिससे न केवल वाहन चालकों को दिक्कत हो रही है बल्कि पैदल चलने वाले लोग भी परेशान हैं। दुकानदारों और निवासियों का कहना है कि अधूरे पड़े नाले और सड़क किनारे फैली मिट्टी के कारण बरसात के दिनों में स्थिति और भी बिगड़ जाती है। पानी जमा होकर गड्ढों को भर देता है और सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है। बरसात के दिनों में यहां की स्थिति और विकराल हो जाती है। नाला नहीं होने की वजह से हल्की बारिश में भी सड़क पर जलजमाव हो जाता है। पानी जमा होने से सड़क पर कीचड़ फैल जाता है और पैदल चलना लोगों के लिए मुश्किल हो जाता है। राहगीरों और दुकानदारों को लगातार गंदगी और बदबू का सामना करना पड़ रहा है। खुदाई अधूरी रहने के कारण सड़क संकीर्ण हो गई है। नाला खुले रहने से मुहल्ले के लोगों को हमेशा हादसों का डर बना रहता है। बच्चे के खुले नाला में जाने का डर बना रहता है। वहीं बाइक सवार कई बार अनजाने में इस नाले में घुस चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जाएं, ताकि लोगों को परेशानी न हो।

-बोले जिम्मेदार-

तिलक चौक से गोशाला चौक तक नाला निर्माण के लिए पूर्व में खुदाई का कार्य किया गया था। ठेकेदार द्वारा नाला निर्माण के लिए सड़क के बगल से खुदाई कार्य कराया गया था। लेकिन स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई कि बिना नापी कराए ही नाला निर्माण के लिए खुदाई कार्य किया जा रहा है। इसके बाद निर्माण कार्य को रोक दिया गया, जगह की नापी के लिए अमीन को पत्र लिखा गया है। जल्द ही नापी करा कर नाले का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

-राजमणि गुप्ता, सिटी मैनेजर, नगर निगम मधुबनी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।