Madhubani News: हथियार व दो कारतूस संग शातिर अपराधी गिरफ्तार
Madhubani News: मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र में पुलिस ने कुख्यात अपराधी ललित कुमार मंडल उर्फ ललित चौपाल उर्फ राजू डॉन को गिरफ्तार किया। फुलकाही विद्यालय के पास हुई गिरफ्तारी में उसके पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

फुलपरास में अपराधी की गिरफ्तारी
Madhubani News:
फुलपरास,एक संवाददाता। जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार ने फुलपरास थाना परिसर में गुरुवार को प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि पुलिस ने जिले के कुख्यात अपराधी ललित कुमार मंडल उर्फ ललित चौपाल उर्फ राजू डॉन को अवैध हथियार और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी फुलपरास थाना क्षेत्र के मुरली निवासी बताया गया है। उसकी गिरफ्तारी फुलकाही विद्यालय के पास से की गई। एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि मधुबनी के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीती रात अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में फुलपरास थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ललित कुमार मंडल को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि फुलपरास थाना में उसके विरुद्ध दर्ज मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है। श्री कुमार ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस गिरफ्तारी को जिले में गंभीर आपराधिक मामलों के वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ के अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।छापेमारी दल में थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य, पुलिस अवर निरीक्षक निरंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुबोध कुमार,महिला सिपाही रूपा कुमारी और सिपाही अजित कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल थे।

