जितवारपुर की सड़कों पर लगा पानी मिथिला पेंटिंग की इंटर्न को परेशानी
मधुबनी में मिथिला चित्रकला संस्थान खुलने से मधुबनी पेंटिंग को और समृद्धि मिल रही है। यहां के छात्र-छात्राएं इंटर्नशिप के लिए जाते हैं, लेकिन जलजमाव और सड़कों की खराब स्थिति के कारण उन्हें परेशानी का...
मधुबनी । मिथिला चित्रकला संस्थान खुल जाने से मधुबनी पेंटिंग और भी समृद्ध हो रही है। इसका दायरा भी बढ़ रहा है। मिथिला क्षेत्र से बाहर के छात्र-छात्राएं भी इसमें डिग्री और सर्टिफिकेट कोर्स करने पहुंच रही हैं। फिलहाल मिथिला चित्रकला संस्थान में बैचलर इन फोक पेंटिंग और छह माह के सर्टिफिकेट कोर्स में छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। छह माह वाले सर्टिफिकेट कोर्स में अंतिम एक महीना छात्र-छात्राओं को इंटर्नशिप के लिए आसपास के इलाके के दक्ष कलाकारों के पास भेजते हैं। इसबार 11 अगस्त से 4 सितंबर तक यह इंटर्नशिप प्रोग्राम चलना है। यह प्रोग्राम जितवारपुर के पांच दक्ष कलाकारों के पास शुरू किया गया है।
मगर इन दिनों वहां तक पहुंचना काफी परेशानी भरा साबित हो रहा है। यहां की छात्राओं को इंटर्नशिप की राह में जलजमाव परेशानी बढ़ा रहा है। हर दिन कलाकारों को पानी में उतरकर नामित शिक्षकों के पास तक जाने की मजबूरी है। मिथिला चित्रकला संस्थान से वहां तक पहुंचने में भी काफी फजीहत उठानी पड़ रही है। इंटर्न खुशबू कुमारी, लाडली कुमारी, रश्मि कुमारी, आसी गुप्ता आदि ने बताया कि संस्थान से इंटर्नशिप करने लिए वहां तक पहुंचने के लिए संस्थान की ओर से कोई सुविधा नहीं मिली है। बस या अन्य वाहनों से मधुबनी के चभच्चा चौक पहुंचते हैं, फिर वहां से टेम्पो व अन्य वाहनों से जितवारपुर गांव तो पहुंच जाते हैं। मगर वहां से पासवान टोली तक सड़क की स्थित इतनी बदतर है कि हर दिन पानी में उतरकर जाना पड़ता है। जलजमाव की वजह से कपड़े भी गंदे हो जाते हैं। बदबू से परेशानी उठानी पड़ रही है। गंदे पानी के जमाव से परेशानी: जितवारपुर गांव की सड़कों पर लंबे समय से पानी लगे रहने की वजह से पानी से बदबू भी निकलती है। वहां पर निगम की ओर से जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। गंदे पानी में उतरने पर खुजली भी शुरू हो जाती है। इस वजह से छात्राएं अपने काम पर भी सही तरीके से फोकस नहीं कर पाती हैं। छात्रा खुशबू , कुंजिका, सोनम भारती, अंजिला , राधा, कुमारी, लक्ष्मी, नेहा, शिखा कुमारी आदि ने बताया कि वहां तक पहुंचने का कोई दूसरा रास्ता भी नहीं है जहां से इनलोगाें को गंदे पानी से निजात मिल सके। गंदे पानी से गुजरने के दौरान कईबार छात्राओं के कपड़े भी भींगकर खराब हो जाते हैं। नैंसी कुमारी, संभव सिंह, प्रीति कुमारी, राखी कुमारी, पूजा प्रीति, रश्मि कुमारी आदि ने बताया कि इस दौरान दो दिन बारिश हुई बारिश के दिन बीच सड़क पर इतना पानी लग गया कि सभी के कपड़े भींगकर खराब हो गये। इ स वजह से उन लोगों ने देर से प्रशिक्षण लेना शुरू किया। बदहाली से निकालने के लिए हो पहल : छात्राओं ने बताया कि सभी प्रशिक्षक मधुबनी पेंटिंग कला में दक्ष और माहिर हैं। ट्रेनर नेशनल अवार्डी उर्मिला देवी, स्टेट अवार्डी राकेश पासवान, स्टेट अवार्डी शिव कुमार पासवान, स्टेट अवार्डी धर्मशीला देवी व स्टेट अवार्डी उर्मिला देवी बेहतर तरीके से उनलोगों को पेंटिंग की बारीकियां बता रही हैं। मगर कलाग्राम जितवारपुर अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। जलनिकासी के लिए शीघ्र पहल की जानी चाहिए। पासवान टोली में 30 से अधिक कलाकार हैं अवार्डी नगर निगम की ओर से विस्तारित क्षेत्र के वार्ड-30 के अधीन आने वाले पासवान टोली में हर घर में मधुबनी पेंटिंग व गोदना पेंटिंग के कलाकार हैं। करीब 30 से अधिक महिला व पुरुष कलाकार नेशनल अवार्ड, स्टेट अवार्ड और अन्य छोटे-बड़े अवार्डों से सम्मानित हो चुके हैं। हर घर में यह कला रची बसी है। खासकर तमाम महिलाएं इस कला में निपुण हैं। कलाकार उर्मिला देवी, राकेश पासवान, राजकुमार पासवान, श्रवण पासवान, धर्मशीला देवी, संतोष पासवान, विवेक पासवान, रेणु देवी, शीला देवी, शीला देवी,ललिता देवी, मंजू देवी, सुशीला देवी, अंजू देवी महनमा देवी, इंदू देवी पवन पासवान आदि ने बताया कि वर्षों से सड़क बदहाल है। उनके टोले तक पहुंचने का रास्ता नहीं हैं। मजबूरन तो लोग आ रहे हैं, मगर कोई बाहर के लोग उनके टोले तक नहीं पहुंच सकते हैं। न ही उनकी पेंटिंग ही घर से बिक रही हैं। लोगों ने बताया कि उनलोगों के पास पेंटिंग के अलावा कोई पेशा नहीं हैं। खेती-बारी भी नहीं है। उनलोगों का घर भी पेंटिंग के बदौलत ही चलता है। सुनील पासवान, राजकुमार पासवान राकेश पासवान ने बताया कि महादलित टोले में जहां विकास की अलख जलनी चाहिए थी वहां पर विकास से पूरे पासवान टोले को उपेक्षित रख दिया गया है। टोले तक आने वाली सड़क भी पूरी तरह से बदहाल हैं। सड़क की सुविधा बहाल हो जाने से कुछ सहूलियत होगी। लोग इस गांव तक पहुंच सकेंगे। इस तरफ निगम को ध्यान देना चाहिए। छात्राओं की ट्रेनिंग 21 दिनों तक चलेगी नगर निगम के विस्तारित क्षेत्र वार्ड 1 पासवान टोली में मिथिला चित्रकला संस्थान की ओर से पांच प्रशिक्षकों का छात्रों के इंटर्नशिप के लिए चयन किया गया है। इनमें करीब 30 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इन छात्र-छात्राओं काे 21 दिनों तक प्र्रशिक्षण भी लेना है। इस 21 दिनों में करीब 120 घंटे की ट्रेनिंग लेनी हैं। सभी प्रशिक्षण छात्रों को गोदना शैली में पेंटिंग तैयार करना सीखा रही हैं।
बोले जिम्मेदार- नगर निगम के नये परिसीमन में आये जितवारपुर गांव के पासवान टोली में तमाम समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। अब सफाई की व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी। पहले एजेंसी के माध्यम से शहर की साफ-सफाई होती थी, अब निगम अपने स्तर से हर मोहल्ले में साफ-सफाई करवाएगा। इसके लिए प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। गांव की कई अन्य सड़के भी बनेंगी। सड़क के साथ-साथ नाला का निर्माण कराया जाएगा। ताकि जलनिकासी में किसी तरह की समस्या नहीं हो। मोहल्लेवासियों की समस्याओं के निदान को लेकर नगर निगम काफी संवेदनशील है। सभी समस्याएं हल होंगी। जलनिकासी के लिए पहल की जा रही है। - डॉ. अनिल कुमार चौधरी, नगर आयुक्त, मधुबनी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




