Madhubani News: पेज 4-3
Madhubani News: नगर निगम ने जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने हेतु राज केनाल और नालों की सफाई में तेजी लाई है। मालगोदाम सड़क स्थित पं. विनोदानंद कॉलोनी से आगे सफाई कराई गई है। नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने कहा कि यह सफाई नगर निगम की प्राथमिकता है, जिससे वर्षा के दौरान जल निकासी को बेहतर बनाया जा सके।

Madhubani News: राज केनाल की सफाई होने से जलजमाव की समस्या होगी खत्म मालगोदाम सड़क से पं. विनोदानंद कॉलोनी तक चला विशेष सफाई अभियान
जलजमाव की समस्या से राहत
नगर निगम ने अतिरिक्त मजदूर लगाए, नालों और केनालों की नियमित सफाई पर जोर
मधुबनी, निज संवाददाता। नगर निगम क्षेत्र में जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के उद्देश्य से राज केनाल और नालों की सफाई अभियान में तेजी लाई गई है। शुक्रवार को मालगोदाम सड़क स्थित पं. विनोदानंद कॉलोनी से आगे तक राज केनाल की व्यापक सफाई कराई गई। सफाई के दौरान केनाल में जमा गाद, कचरा और जल निकासी में बाधा बनने वाले अवरोधों को हटाया गया, ताकि वर्षा के दौरान पानी का प्रवाह सुचारु बना रहे। सफाई सुपरवाइजर दिनेश राम ने बताया कि अभियान में अनिल धनकार, मनोज धनकार, किशन धनकार, जीतू धनकार, विनोद मल्लिक समेत एक दर्जन से अधिक सफाई कर्मियों को लगाया गया है। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त मजदूरों की भी तैनाती की गई है, जिससे कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा हो सके। सहायक स्वच्छता पदाधिकारी अमिताभ गुंजन ने कहा कि शहर के सभी छोटे-बड़े नालों, संपर्क नालियों और केनालों की नियमित सफाई कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि मानसून को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
नगर आयुक्त का बयान
नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने कहा कि शहर में नालों और केनालों की निर्बाध सफाई नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इससे जलजमाव की समस्या कम होगी और नागरिकों को बारिश के दौरान राहत मिलेगी।
पैकेज:
एनएच पर जलजमाव से राहत के लिए शहरी एरिया में बनेगा नाला
नगर निगम व एनएच की टीम संयुक्त रुप से आज करेगा निरीक्षण
सर्वे रिपोर्ट के आधार पर बनेगी नाला निर्माण और सुधार की कार्ययोजना
मधुबनी, निज संवाददाता। शहर के एनएच से जुड़े विभिन्न इलाकों में नालों के अभाव और पुराने नालों की जर्जर स्थिति के कारण बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सड़कों और मोहल्लों में पानी जमा रहने से लोगों को आवागमन, स्वच्छता और दैनिक जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से नागरिकों द्वारा नए नालों के निर्माण तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की जा रही थी। अब इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में नगर निगम ने पहल करने का निर्णय लिया है। नगर आयुक्त के नेतृत्व में नगर निगम की टीम तथा एनएच के कार्यपालक अभियंता के नेतृत्व में तकनीकी दल 18 जुलाई को शहर से सटे एनएच वाले सभी स्थानों का संयुक्त निरीक्षण करेगा, जहां हर वर्ष जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है। निरीक्षण के दौरान जल निकासी के प्राकृतिक प्रवाह, नालों की स्थिति और नए नाला निर्माण की आवश्यकता का आकलन किया जाएगा। नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने बताया कि सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकता तय कर चरणबद्ध तरीके से नाला निर्माण एवं सुधार कार्य की विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।
...................................................................................
पंचायतों के परिसीमन से बेनीपट्टी में बदलेगी विकास की तस्वीर, प्रशासनिक व्यवस्था होगी अधिक सुदृढ
बेनीपट्टी प्रखंड के 33 पंचायतों में से 45 वार्डों का करीब 35674 जनसंख्या काटकर नगर पंचायत का गठन किये जाने से नया परिसीमन था जरूरी
प्रखंड के वर्तमान 31 पंचायतों में बनकट्टा, बेतौना और कटैया पंचायतों से 17 वार्ड काटे जाने से पंचायत का भौगोलिक परिदृष्य बदल चुका है
2011 की जनगणाना के अनुसार बेनीपट्टी प्रखंड की कुल आबादी 3. 61 लाख थी जो वर्तमान में बढ़कर 4.4 लाख का अनुमान है
बेनीपट्टी,निज प्रतिनिधि।
32 वर्षों बाद पंचायतों के परिसीमन का निर्णय लिए जाने के बाद बेनीपट्टी प्रखंड में भी नए सिरे से पंचायतों की सीमाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है। बेनीपट्टी प्रखंड के 31 पंचायतों में बेतौना, दामोदरपुर, कटैया, नवकरही एवं कपसिया पंचायतों का परिसमीन जस की तस रहने की संभावनाएं है। 2021 में संपन्न हुई पंचायत चुनावों में प्राप्त आकड़ों में इन पंचायतों की जनसंख्या 8 हजार से कम थी। अन्य सभी 25 पंचायतों की आबादी दस हजार पार है। कई पंचायतों की आबादी और क्षेत्रफल समय के साथ काफी बढ़ चुके हैं। स्थानीय बुद्धिजीवियों का मानना है कि परिसीमन निर्धारण से आम लोगों को प्रशासनिक सेवाएं अधिक सुगमता से मिलेंगी। पंचायत प्रतिनिधियों पर कार्यभार भी संतुलित होगा, जिससे विकास योजनाओं की निगरानी और ्ति्ररयान्वयन में पारदर्शिता बढ़ेगी। त्रिस्तरीय पंचायत संघर्ष मोर्चा,बेनीपट्टी इकाई के सदस्यों ने राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। मोर्चा का कहना है कि लंबे समय से परिसीमन नहीं होने के कारण कई पंचायतों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे।
अधिवक्ता संघ चुनाव से पहले बढ़ी सरगर्मी
- निर्वाचन समिति के सदस्य का इस्तीफा, मुख्य चुनाव पदाधिकारी बोले- दूसरे दिन भी नहीं मिले चुनाव से जुड़े जरूरी अभिलेख
झंझारपुर,निज प्रतिनिधि।
अधिवक्ता संघ के वर्ष 2026-28 के चुनाव को लेकर चुनाव से पहले ही विवाद गहराता जा रहा है। सरगर्मी बढ़ती जा रही है और आपस में खींचतान शुरू हो गई है। निर्वाचन समिति के सदस्य विपिन कुमार झा ने समिति से इस्तीफा दे दिया है। 10 जुलाई की आमसभा में गठित तीन सदस्यीय निर्वाचन समिति में कुमार जितेंद्र को मुख्य चुनाव पदाधिकारी तथा विपिन कुमार झा और विष्णुकांत त्रिवेदी को सदस्य बनाया गया था। मुख्य चुनाव पदाधिकारी कुमार जितेंद्र ने बताया कि विपिन कुमार झा का कहना है कि समिति में उनका नाम उनकी सहमति के बिना शामिल कर दिया गया था। इसी कारण उन्होंने इस्तीफा दिया है। इस बीच मुख्य चुनाव पदाधिकारी ने संघ के अध्यक्ष एवं महासचिव को पत्र भेजकर चुनाव संचालन के लिए आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने बायलॉज, मतदाता सूची, नामांकन पंजी, मतपत्र का नमूना समेत अन्य आवश्यक कागजात उपलब्ध कराने की मांग की है। कुमार जितेंद्र ने बताया कि पत्र भेजे जाने के दूसरे दिन भी उन्हें संघ से जुड़े किसी भी प्रकार के आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध चुनाव कराने के लिए इन अभिलेखों का मिलना जरूरी है। चुनाव से पहले बढ़ते विवाद और निर्वाचन समिति के सदस्य के इस्तीफे से अधिवक्ता संघ का चुनावी माहौल गरमा गया है।
पंडौल और हरलाखी प्रखंड के कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
फोटो मधु 51 वाटसन हाई स्कूल में प्रशिक्षण देते वरीय प्रशिक्षक
मधुबनी,हिन्दुस्तान टीम
वाटसन हाई स्कूल के सभा कक्ष में शुक्रवार को जनगणना आंकड़ों के क्षेत्रीय कार्य को लेकर क्षेत्रीय कर्मियोंं को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कोषांग के अधिकारी व नगर आयुक्त उमेश भारती ने कहा कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को त्रुटिहीन, सटीक एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए क्षेत्रीय कर्मियों को गहन एवं व्यापक प्रशिक्षण जरूरी है। मौके पर मुख्य प्रशिक्षक अफाक अहमद, वरीय प्रशिक्षक डा. शैलेन्द्र कुमार घोष, कमलेश झा, नीति सिंह, राहुल देव, संतोष कुमार राय ने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के जनगणना एवं गैर जनगणना दोनों प्रकार के आंकड़े उपलब्ध होंगे। जिला जनगणना हस्तपुस्तिका 2027 के अंतर्गत आंकड़ों के संग्रह का क्षेत्रीय कार्य एक अगस्त 2026 से प्रारंभ होना है। जनगणना आंकड़ों का क्षेत्रीय कार्य किया जाना है। जो एक माह के अंदर ही पूर्ण किया जाना है।
बासोपट्टी -बेनीपट्टी व मधवापुर-बौरहर-विराटपुर सड़क स्टेट हाइवे घोषित करने की मांग
मधुबनी, हिन्दुस्तान टीम।
बिहार अभियंत्रण सेवा संघ के पूर्व महासचिव, इण्डियन इंजीनियर्स फेडरेशन (पूर्व) के उपाध्यक्ष एवं जिले के खिरहर गांव निवासी डा सुनील कुमार चौधरी ने हरलाखी विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत आनेवाले बासोपट्टी -बेनीपट्टी एवं मधवापुर- बौरहर- विराटपुर सड़क को स्टेट हाइवे घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि दोनों सड़क बिहार के सीमावर्ती मधुबनी जिले की अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क है। जिसे पथ निर्माण विभाग द्वारा अधिग्रहित कर स्टेट हाइवे घोषित करना इस क्षेत्र की जनता की चिर प्रतिक्षित मांग रही है। सीमावर्ती इलाकों को जोड़ने वाली ये सड़कें सामरिक एवं राज्य तथा देश की सुरक्षा की दृष्टिकोण से भी काफी महत्वपूर्ण है।


