जल संकट पर नगर निगम की बोर्ड की विशेष बैठक आज
मधुबनी नगर निगम की विशेष बैठक 6 जनवरी को जल संकट और जलापूर्ति बाधित होने की समस्याओं के समाधान के लिए होगी। इस बैठक में वार्ड वार समस्याओं का आकलन किया जाएगा। मेयर अरुण राय की अध्यक्षता में यह बैठक होगी, जिसमें सभी पार्षदों को अपने वार्ड की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
मधुबनी, निज संवाददाता। शहर में गहराते जल संकट और बाधित जलापूर्ति को लेकर नगर निगम की बोर्ड की विशेष बैठक छह को होगी। इस बैठक में वार्ड वार समस्याओं का आकलन किया जायेगा। ताकि उसके लिए समेकित रुप से कार्ययोजना बनाई जा सके। इसके लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया जायेगा। बुधवार को पार्षदों के साथ हुई बैठक में पेयजल स्थिति की वार्डवार समीक्षा करने और त्वरित समाधान पर सहमति बनी थी। इसी कड़ी में छह जनवरी को बोर्ड की विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें वार्ड संख्या 1 से 45 तक की गहन समीक्षा की जाएगी। मेयर अरुण राय की अध्यक्षता में यह बैठक होगी।
इसकी जानकारी डिप्टी मेयर अमानुल्लाह खान व सभी पार्षदों को भी दिया गया है। नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने बताया कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर नागरिक तक सुरक्षित पानी पहुंचाना, सभी का परम कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि समीक्षा के दिन ही ठोस निर्णय लेकर योजनाओं को अमली जामा पहनाया जाएगा। मेयर अरुण राय ने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्ड के हर घर की समस्याओं का विवरण, पानी न पहुंचने के कारणों सहित पूरी रिपोर्ट के साथ विमर्श करने का आग्रह किया है। डिप्टी मेयर अमानुल्लाह खान ने सभी पार्षदों से आग्रह किया गया है कि वे अपने वार्ड में वाटर सप्लाई से संबंधित पूरी रिपोर्ट सदन में रखें, ताकि छूटे हुए घरों तक पानी पहुंचाने पर व्यापक विमर्श हो सके। व्यापक जनहित में हो रही इस बैठक का पार्षद प्रभावती देवी, ई. रंजीत कुमार, कैलाश सहनी, जमील अंसारी, सुधीरा देवी, सुनीता पूर्वे, अंजू देवी, हलीमा खातून, अनिसुर्र रहमान सहित अन्य ने स्वागत किया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




