मध्यस्थता से समाधान के लिए फिर चलेगा विशेष अभियान
मधुबनी में मुकदमों के समाधान के लिए मध्यस्थता अभियान 2.0 की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य नागरिकों को तेज, सरल और सुलभ न्यायिक समाधान प्रदान करना है। प्रधान न्यायाधीश जय किशोर दुबे ने अधिवक्ताओं के साथ बैठक की और नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में भाग लेकर बिना धन खर्च किए समाधान का लाभ उठाएं।
मधुबनी। मध्यस्थता से मुकदमों का समाधान निकालने के लिए जिले में फिर विशेष अभियान चलेगा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर अभियान 2.0 शुरू की गई है। अभियान को सफल बनाने के लिए मध्यस्थता कमेटी के अध्यक्ष परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश जय किशोर दुबे ने न्यायिक पदाधिकारी एवं अधिवक्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मुकदमों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए यह अभियान कारगर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य आम नागरिकों को न्यायिक समाधान की एक तेज, सरल और सुलभ व्यवस्था प्रदान करना है। प्रधान न्यायाधीश ने जिला वासियों से अपील किया कि वह अभियान में शामिल होकर बिना कोई धन खर्च किए शांतिपूर्ण समाधान का लाभ उठाएं।
मौके पर मध्यस्थता समिति के संयोजक उत्पाद मामलों के विशेष न्यायाधीश गोरखनाथ दुबे, सीजेएम प्रमोद कुमार महथा, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव संदीप कुमार चैतन्य, जिला अधिवक्ता संघ के महासचिव शिवनाथ चौधरी, लायर्स एसोसिएशन के सचिव कन्हैया जी झा, अधिवक्ता शंभू कुमार महतो, शशि रंजन, शिशिर रंजन, मुकुल कुमार झा, मित्रानंद मिश्र, भवेश चन्द्र झा, अवधेश कुमार, राहुल कुमार आदि मौजूद थे। इन मामलों का होगा मध्यस्थता से समाधान प्रधान न्यायाधीश जय किशोर दुबे ने बताया कि मध्यस्थता से मुकदमा के समाधान अभियान 2.0 के तहत वैवाहिक विवाद, सड़क दुर्घटना मुआवजा, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, उपभोक्ता विवाद, वाणिज्यिक विवाद, छोटे छोटे आपराधिक मामले, बंटवारा विवाद का मध्यस्थता से समाधान किया जाएगा। इसके अलावा ऋण वसूली, मकान मालिक से विवाद, भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामले एवं अन्य सिविल मामलों का भी समाधान होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


