एनसीईआरटी सिलेबस से बायोलॉजी और अर्थशास्त्र में आये सवालों से छात्रों को राहत

Feb 02, 2026 10:47 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मधुबनी
share Share
Follow Us on

मधुबनी, निज संवाददाता। जिले में सोमवार से इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 की विधिवत शुरुआत हो

एनसीईआरटी सिलेबस से बायोलॉजी और अर्थशास्त्र में आये सवालों से छात्रों को राहत

मधुबनी, निज संवाददाता। जिले में सोमवार से इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा की विधिवत शुरुआत हो गई। जिले के सभी 75 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न हुई। पहली पाली में बायोलॉजी और दूसरी पाली में अर्थशास्त्र की परीक्षा आयोजित की गई। प्रथम पाली में कुल 12806 परीक्षार्थियों में से 12604 उपस्थिति हुए जबकि 202 अनुपस्थित रहें। दूसरी पाली में कुल 1952 परीक्षार्थियों में से 1908 परीक्षार्थी उपस्थित हुए जबकि 44 अनुपस्थित रहें। डीईओ अक्षय कुमार पांडेय ने बताया कि कदाचार का एक भी मामला सामने नहीं आया है। पहली पाली में आयोजित बायोलॉजी की परीक्षा को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखा गया।

परीक्षार्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र एनसीईआरटी और निर्धारित सिलेबस पर आधारित था। कोशिका संरचना, अनुवांशिकी, मानव स्वास्थ्य एवं रोग, जैव विविधता, पारिस्थितिकी और जैव प्रौद्योगिकी से जुड़े प्रश्न प्रमुख रूप से पूछे गए। बोर्ड के पैटर्न के अनुसार प्रश्नपत्र में 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न, 10 लघु उत्तरीय और 5 दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल थे, जिनमें विकल्प भी दिए गए थे। वाटसन प्लस टू उवि केंद्र से परीक्षा देकर निकली छात्रा अर्चना कुमारी, संगीता कुमारी, शबनम खातून व अन्य ने बताया कि कोशिका और जेनेटिक्स से सीधे सवाल आए, तैयारी करने वालों के लिए पेपर आसान रहा। वहीं प्रियंका कुमारी ने बताया कि दीर्घ उत्तरीय प्रश्न भी किताब से ही थे, जिससे उत्तर लिखने में आसानी हुई। आय, मांग व आपूर्ति से अर्थशास्त्र में पूछे गये सवाल दूसरी पाली में आयोजित अर्थशास्त्र की परीक्षा भी कुल मिलाकर संतुलित रही। छात्रों के अनुसार प्रश्नपत्र में सूक्ष्म और व्यापक अर्थशास्त्र दोनों से सवाल पूछे गए। मांग और आपूर्ति, राष्ट्रीय आय, मुद्रा और बैंकिंग, सरकारी बजट तथा आर्थिक विकास जैसे अध्यायों से प्रश्न शामिल थे। इस विषय में भी वस्तुनिष्ठ, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों का संतुलन रहा। जयनगर से आए छात्र अमन कुमार ने बताया कि ऑब्जेक्टिव सवाल सीधे थे और लघु उत्तरीय प्रश्नों में परिभाषात्मक सवाल अधिक थे। छात्रा सोनाली झा ने कहा कि समय प्रबंधन ठीक रहा, पेपर कठिन नहीं लगा। अधिकांश छात्रों ने अर्थशास्त्र के प्रश्नपत्र को मध्यम स्तर का बताया। हर केंद्रों पर रही सख्त निगरानी परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की है। प्रवेश द्वार पर सभी परीक्षार्थियों की बॉडी फ्रिस्किंग की गई और मोबाइल फोन सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल और सीसीटीवी कैमरे तैनात किए गए थे। डीएम आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार ने पहले दिन स्वयं व्यवस्था की निगरानी की। केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट, चाय-पान और स्टेशनरी की दुकानें बंद रहीं। प्रशासन की सख्ती के कारण पहले दिन कहीं से भी कदाचार की सूचना नहीं मिली। कूल ऑफ टाइम छात्रों के लिए रहा खास इंटर परीक्षा 2026 में इस बार कई बातें खास रहीं। परीक्षा केंद्रों पर समय से प्रवेश, स्पष्ट दिशा-निर्देश और कूल-ऑफ टाइम का सही पालन कराया गया। प्रश्नपत्र पूरी तरह सिलेबस और एनसीईआरटी आधारित रहे, जिससे छात्रों में घबराहट कम दिखी। बायोलॉजी और अर्थशास्त्र दोनों विषयों में प्रश्नों का स्तर संतुलित रहा। सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सख्त रही और प्रशासन की सक्रिय मौजूदगी दिखी। कुल मिलाकर परीक्षा की शुरुआत छात्रों के लिए राहत भरी और सकारात्मक माहौल में हुई।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;