
जिला स्थापना दिवस व मधुबनी महोत्सव की तैयारी को लेकर बैठक
मधुबनी महोत्सव के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार का मुख्य थीम 'स्वच्छ मधुबनी, स्वस्थ मधुबनी' रखा गया है। युवाओं ने आयोजन को प्रभावी और जनसहभागी बनाने के लिए कई सुझाव दिए। महोत्सव स्वच्छता और स्वास्थ्य के मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास करेगा।
मधुबनी, नगर संवाददाता। जिला स्थापना दिवस सह मधुबनी महोत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में एसडीएम सदर चंदन कुमार झा की अध्यक्षता में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सक्रिय युवाओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस वर्ष महोत्सव का मुख्य थीम “स्वच्छ मधुबनी, स्वस्थ मधुबनी” निर्धारित किया गया है, जिसके माध्यम से जिले में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक के दौरान शहर के युवाओं ने आयोजन को प्रभावी, जनसहभागी और आकर्षक बनाने के लिए कई रचनात्मक सुझाव प्रस्तुत किए।
युवाओं ने साफ-सफाई अभियान, जागरूकता रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों की भागीदारी, मधुबनी पेंटिंग के विशेष आयोजन तथा शहर की पहचान से जुड़े विभिन्न नवाचारों को शामिल करने पर चर्चा की। उन्होंने महोत्सव को जन-आंदोलन का रूप देने तथा समाज के हर वर्ग को जोड़ने पर बल दिया। एसडीएम चंदन कुमार झा ने युवाओं के उत्साह और सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि मधुबनी महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि जिले की पहचान, परंपरा और स्वाभिमान का प्रतीक है। इस वर्ष “स्वच्छ मधुबनी, स्वस्थ मधुबनी” थीम के माध्यम से लोग न केवल मनोरंजन का आनंद लेंगे, बल्कि स्वच्छता और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी प्रेरित होंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




