Madhubani News: अस्पताल में 24 घंटे चलेगी पैथोलॉजी लैब
Madhubani News: मधुबनी जिले की सरकारी स्वास्थ्य जांच व्यवस्था में बड़ा बदलाव होगा। अक्टूबर से मॉडल अस्पताल में 24 घंटे चलने वाली हब एंड स्पोक पैथोलॉजी लैब शुरू होगी। यह मुख्य हब के रूप में काम करेगा, जिससे ग्रामीण मरीजों को उच्च गुणवत्ता की जांच सुविधा प्राप्त होगी।

Madhubani News: मधुबनी। जिले की सरकारी स्वास्थ्य जांच व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सदर अस्पताल परिसर स्थित मॉडल अस्पताल में अक्टूबर से आधुनिक हब एंड स्पोक पैथोलॉजी लैब शुरू होगा। यह लैब पीपीपी मोड पर 24 घंटे संचालित किया जाएगा। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, अनुमंडल अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से भेजे गए रक्त समेत अन्य सैंपल की जांच की जाएगी।
लैब की जानकारी
सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने बताया कि हब एंड स्पोक पैथोलॉजी जांच केंद्र के लिए मॉडल अस्पताल में स्थल चिह्नित कर लिया गया है। विभाग द्वारा चयनित एजेंसी स्थल का निरीक्षण भी कर चुकी है। लैब शुरू होने के बाद मरीजों को आधुनिक पैथोलॉजी जांच की सुविधा सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से ही उपलब्ध हो सकेगी।
प्रक्रिया
हब एंड स्पोक व्यवस्था में मॉडल अस्पताल स्थित केंद्र मुख्य हब होगा, जबकि जिले के सभी सरकारी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र स्पोक के रूप में काम करेंगे। स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टर द्वारा लिखी गई जांच के लिए प्रतिदिन रक्त और अन्य सैंपल लिए जाएंगे। इन सैंपलों को उसी दिन कोल्ड चेन के माध्यम से मॉडल अस्पताल स्थित हब सेंटर भेजा जाएगा। सैंपल की जांच आधुनिक ऑटोमेटेड मशीनों से प्रशिक्षित तकनीशियनों द्वारा की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट मरीज के पंजीकृत मोबाइल नंबर या ईमेल पर भेजी जाएगी। साथ ही संबंधित स्वास्थ्य केंद्र को भी रिपोर्ट ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी। मरीज अगले दिन अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से रिपोर्ट प्राप्त कर सकेंगे।
लाभ
सीएस ने बताया कि केंद्र पर सरकार द्वारा निर्धारित सभी पैथोलॉजी जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इससे एक ओर जहां कर्मियों की कमी से होने वाली परेशानी कम होगी, वहीं मरीजों को निजी लैब का सहारा लेने की जरूरत भी कम पड़ेगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही जिला मुख्यालय जैसी जांच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे जांच में लगने वाले समय और मरीजों के खर्च दोनों में कमी आएगी।


