जर्जर सड़क और अधूरे नाले ने बढ़ायी परेशानी,मोहल्ले में डस्टबिन तक नहीं

Nov 20, 2025 06:44 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मधुबनी
share Share
Follow Us on

महारानी पेट्रोल पंप इलाके में स्थानीय लोग वर्षों से बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। सांसद और विधायक के घरों के बावजूद, यहां की सड़कें जर्जर हैं और सफाई व्यवस्था लचर है। बारिश के मौसम में जलजमाव और गंदगी के कारण लोग अपने घरों में कैद हो जाते हैं। 

जर्जर सड़क और अधूरे नाले ने बढ़ायी परेशानी,मोहल्ले में डस्टबिन तक नहीं

शहर के महारानी पेट्रोल पंप इलाके की बदहाली आज भी जस की तस बनी हुई है। दो किलोमीटर के दायरे में कई प्रमुख राजनेताओं का आवास होने के बावजूद यहां के स्थानीय लोग वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। क्षेत्र के निवासी प्रकाश कुमार बताते हैं कि सांसद और विधायक के आवास इसी इलाके के आसपास है, लेकिन इसके बावजूद किसी भी जनप्रतिनिधि की नजर इस क्षेत्र की गंभीर समस्याओं पर नहीं पड़ी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के मौसम में नेता यहां से जरूर गुजरते हैं, लेकिन समस्याओं को देखने-समझने या समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल कभी नहीं होती।

इलाके के निवासी महेश कुमार बताते हैं कि बारिश का मौसम आते ही यहां की सड़कों की हालत बदतर हो जाती है। जगह-जगह बने गड्ढे और नालियों की खराब व्यवस्था के कारण सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं। जलजमाव ऐसा कि महीनों तक लोग अपने घरों से निकल ही नहीं पाते। छोटे बच्चों के लिए स्कूल आना-जाना किसी चुनौती से कम नहीं होता। कई बार बच्चे रास्ते में गंदे पानी के गड्ढों में फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें तक आती हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की जर्जर हालत के कारण रोजाना कोई न कोई दुर्घटना होती रहती है। बारिश के बाद सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों दोनों के लिए खतरा बने रहते हैं। सड़क की दुर्दशा का असर इलाके की परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ता है। यहां कोई भी सवारी वाहन आने से कतराता है। यदि कोई वाहन चालक आता भी है तो वह सामान्य किराए से कहीं अधिक पैसे की मांग करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि एंबुलेंस तक इस रास्ते से गुजरने में हिचकिचाते हैं। कई बार बीमार मरीजों को अस्पताल ले जाने में वक्त बर्बाद हो जाता है, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है। लोगों का कहना है कि अगर किसी घर में आपात स्थिति पैदा हो जाए, तो समय पर वाहन मिलना लगभग नामुमकिन हो जाता है। सिर्फ सड़क की समस्या ही नहीं, इलाके में सफाई व्यवस्था भी लचर है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि नगर निगम द्वारा यहां नियमित सफाई नहीं की जाती। नतीजतन गलियों और सड़कों पर जगह-जगह कचरे का ढेर जमा रहता है। इन कचरों से उठती बदबू के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार तो हालत यह हो जाती है कि घर की खिड़कियां बंद करने पर भी बदबू अंदर तक पहुंच जाती है। स्थानीय लोगों ने सफाई व्यवस्था की शिकायत नगर निगम में कई बार की, लेकिन अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोग कहते हैं कि शिकायतें सिर्फ फाइलों में दर्ज होकर रह जाती हैं और जमीन पर स्थिति जस की तस बनी रहती है। लोग सड़कों पर जलजमाव को लेकर बरसों से जलनिकासी और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारियों की नजर इस ओर नहीं जा रहा है। महारानी पेट्रोल पंप का यह इलाका आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में संघर्ष कर रहा है। सवाल यह है कि नेताओं के घर के पास बसे इस मोहल्ले की समस्याएं कब राजनीतिक प्राथमिकता बनेंगी और कब इस क्षेत्र को बदहाली से राहत मिलेगी? सफाई नहीं होने से संक्रमण का खतरा नगर निगम भले ही शहर में नियमित सफाई के दावे करता रहे, लेकिन महारानी पेट्रोल पंप समेत कई मोहल्लों की वास्तविक स्थिति इन दावों की पोल खोलती नजर आती है। इन इलाकों में नालियों का पानी सड़कों पर बहता रहता है, कूड़ा-कचरा जगह-जगह बिखरा रहता है और बदबू से वातावरण इतना प्रदूषित हो जाता है कि लोग घर से बाहर निकलने में हिचकते हैं। यह समस्या किसी एक-दो दिन की नहीं, बल्कि महीनों तक बनी रहती है। विशेषकर बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। जलजमाव के चलते सड़कें कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं और खुले में पड़ा कचरा संक्रमण तथा संक्रामक बीमारियों के खतरे को बढ़ा देता है। मजबूरीवश मोहल्लेवासियों को अपने ही घरों में कैद रहना पड़ता है, क्योंकि बाहर निकलना उनके स्वास्थ्य के लिए खतरा बन जाता है।

बोले जिम्मेदार: महारानी पेट्रोल पंप से सिंघानिया चौक तक जर्जर सड़क और नाला निर्माण कार्य के लिए स्वीकृति मिल गई है। कई इलाके में नाला निर्माण कार्य शुरू किया गया है जल्द ही जलजमाव की समस्या से निजात के लिए उस इलाके में कार्य शुरू किया जाएगा। साफ-सफाई को लेकर बताया कि नियमित रूप सफाईकर्मी नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डो में साफ सफाई कर रही है। -अरुण राय मेयर ,मधुबनी

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;