
नए साल के आगाज के साथ ही 11 नवजात की गूंजी किलकारियां
मधुबनी में साल 2026 की शुरुआत में सदर अस्पताल में 31 दिसंबर की रात से 1 जनवरी तक कुल 11 नवजात शिशुओं का जन्म हुआ। नए साल के पहले दिन बेटियों के जन्म से परिवारों में खुशी का माहौल है। कई घरों में मिठाई बांटी गई और रिश्तेदारों ने बधाई दी। यह दिन कई परिवारों के लिए यादगार बना।
मधुबनी,निज संवाददाता। साल 2026 की शुरुआत जिले के लिए खुशखबरी के साथ हुई। 31 दिसंबर की रात 12 बजे से लेकर 01 जनवरी को खबर लिखे जाने तक सदर अस्पताल में कुल 11 नवजात शिशुओं का जन्म हुआ। नए साल के पहले दिन घर में आए नन्हे मेहमानों से परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला। कई घरों में मिठाई बांटी गई और रिश्तेदारों ने एक दूसरे को बधाई दी। नवजातों में बेटियों के जन्म को लेकर खास उत्साह देखा गया। सुगंधा राज, शबनम, रंजीता साह व अन्य परिजनों ने कहा कि साल के पहले दिन बेटी का जन्म होना घर में लक्ष्मी के आने जैसा है।
इससे परिवार में सकारात्मक सोच और खुशी और बढ़ गई। सदर अस्पताल के वार्ड इंचार्ज माधुरी कुमारी ने बताया कि रात के समय ऑपरेशन से होने वाले प्रसव के बाद यह संख्या और बढ़ सकती है। कई परिवारों के लिए यादगार बना यह दिन स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ सुमन कुमार ने कहा कि नए साल के पहले दिन कई परिवारों के लिए यादगार बन गया। किसी घर में बेटे ने जन्म लिया तो किसी घर में बेटी ने। उन्होंने बताया कि कई बार परिजन चाहते हैं कि बच्चे का जन्म किसी खास दिन हो। ऐसे में अगर चिकित्सकीय रूप से संभव हो तो कुछ घंटे या एक दो दिन तक सर्जरी टालने का अनुरोध भी किया जाता है। अन्य सरकारी अस्पतालों की संख्या जोड़ दी जाए तो जिले में नवजातों की कुल संख्या 50 से अधिक हो जाती है। वहीं निजी अस्पतालों के आंकड़े शामिल करने पर यह संख्या सैकड़ों तक पहुंच सकती है। नए साल के पहले दिन जन्मे ये बच्चे कई परिवारों के लिए उम्मीद और खुशियों की नई शुरुआत बने हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




