Hindi NewsBihar NewsMadhubani NewsInspirational Visit DSP Praveen Kumar Returns to His Alma Mater Navodaya Vidyalaya Ranti
नवोदय ने गढ़ी मेरी पहचान, यही मेरे लिए गर्व :  डीएसपी

नवोदय ने गढ़ी मेरी पहचान, यही मेरे लिए गर्व : डीएसपी

संक्षेप: मधुबनी के नवोदय विद्यालय रांटी में 2002 बैच के पूर्व छात्र और वर्तमान डीएसपी प्रवीण कुमार ने विद्यालय का दौरा किया। उन्होंने छात्रों को सफलता और चरित्र निर्माण के महत्व के बारे में बताया। प्राचार्य ने पूर्व छात्रों की वापसी को प्रेरक बताया, जो नवोदय की शिक्षा प्रणाली की मजबूती को दर्शाता है।

Wed, 12 Nov 2025 08:26 PMNewswrap हिन्दुस्तान, मधुबनी
share Share
Follow Us on

मधुबनी, निज संवाददाता। नवोदय विद्यालय रांटी का परिसर बुधवार को उस वक्त गर्व और उत्साह से भर उठा जब विद्यालय के 2002 बैच के पूर्व छात्र और वर्तमान में वैशाली जिले में पदस्थापित डीएसपी प्रवीण कुमार अपने पुराने शिक्षण संस्थान पहुंचे। विद्यालय के प्राचार्य डा. प्रमोद कुमार महतो ने उन्हें सम्मानित करते हुए कहा कि नवोदय से निकलने वाले विद्यार्थी आज देश के विभिन्न क्षेत्रों में संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं, और डीएसपी प्रवीण उनमें एक प्रेरणास्रोत हैं। समारोह के दौरान छात्रों एवं शिक्षकों से संवाद करते हुए डीएसपी प्रवीण कुमार ने कहा कि, नवोदय में महज मैंने पढ़ाई नहीं की, बल्कि इस उत्कृष्ट शिक्षा एवं अनुशासन प्रणाली को महसूस भी किया है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

यही अनुभव आज भी मेरी कार्यशैली और सोच को दिशा देता है। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय में भारत की आत्मा बसती है, जहां शिक्षा केवल परीक्षा तक सीमित नहीं होती, बल्कि जीवन मूल्यों का सृजन भी करती है। अपने छात्र जीवन की यादों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि नवोदय की हर सुबह, हर कक्षा और हर अनुशासनात्मक क्षण ने उन्हें आत्मनिर्भरता, समर्पण और ईमानदारी का पाठ पढ़ाया। सभी छात्र मुकाम करें हासिल प्रवीण कुमार ने छात्रों से आह्वान किया कि वे केवल सफलता नहीं बल्कि चरित्र निर्माण को भी प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा हमें ऐसे मुकाम तक पहुंचाना है जहां समाज और नवोदय, दोनों को हमारा योगदान मिले। नवोदय की पहचान हमारे आचरण और उपलब्धियों से ही मुखर होती है। कार्यक्रम में प्राचार्य डा. प्रमोद कुमार महतो ने डीएसपी प्रवीण कुमार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पूर्व छात्रों का इस तरह संस्थान लौटना भावी पीढ़ी के लिए प्रेरक होता है। उन्होंने कहा कि नवोदय के छात्र देश के कोने-कोने में अपनी पहचान बना रहे हैं, जो इस संस्था की शिक्षा प्रणाली की मजबूती का प्रमाण है। मौके पर एमके पांडेय, अनिल कुमार, बी. नारायण, ईसीपी कृष्णकांत सहित कई शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों ने भी उनका स्वागत किया। विद्यालय परिसर में छात्रों के चेहरों पर अपने पूर्ववर्ती सीनियर अधिकारी से मिलने का उत्साह साफ झलक रहा था। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने डीएसपी से करियर मार्गदर्शन से जुड़े सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सहजता और आत्मीयता से उत्तर दिया।