
मतदाताओं के स्वागत को तैयार राजनगर विधानसभा के आदर्श और पिंक बूथ
संक्षेप: झंझारपुर में आगामी चुनाव के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। मतदान केंद्र 340 को आदर्श मतदान केंद्र और 73 को महिला प्रबंधन बूथ के रूप में चिन्हित किया गया है। आदर्श केंद्र पर मतदाताओं के लिए चाय और पौधे दिए जाएंगे, जबकि महिला बूथ पर सभी कार्य महिला कर्मियों द्वारा किए जाएंगे। इन पहलों से मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है।
झंझारपुर। राजनगर विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर मतदाताओं के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। निर्वाची पदाधिकारी सह झंझारपुर के डीसीएलआर टोनी कुमारी ने बताया कि इस बार दो मतदान केंद्रों को विशेष रूप से चिन्हित कर उनपर खास व्यवस्थाएं की गई हैं। विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 340 (प्राथमिक विद्यालय बसवा, अंधराठाढ़ी) को आदर्श मतदान केंद्र के रूप में नामित किया गया है। इस केंद्र पर मतदाताओं के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मतदान करने आने वाले सभी मतदाताओं के लिए चाय पीने की व्यवस्था की गई है, जिससे वे तरोताज़ा महसूस कर सकें।

इसके अतिरिक्त, मतदान के बाद उन्हें गमला युक्त पौधा देकर सम्मानित किया जाएगा। यह पहल न सिर्फ मतदाताओं को प्रेरित करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगी। वहीं, मतदान केंद्र संख्या 73 (मध्य विद्यालय राजनगर, बायां भाग) को वूमेन मैनेज बूथ (पिंक बूथ) के रूप में चिन्हित किया गया है। इस केंद्र की सबसे खास बात यह है कि यहां मतदान से संबंधित सभी कार्य महिला कर्मियों द्वारा ही किए जाएंगे। यह कदम महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और चुनावी प्रक्रिया में उनकी भागीदारी को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। डीसीएलआर टोनी कुमारी ने कहा कि आदर्श और पिंक मतदान केंद्र पर मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इन पहलों से मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




