ट्रेन में छूटे लैपटॉप को आरपीएफ की मुस्तैदी से मालिक को मिला वापस
झंझारपुर में भारतीय रेल की 'ऑपरेशन अमानत' पहल के तहत एक यात्री का कीमती सामान बरामद किया गया। मोहम्मद गुलफराज का सामान ट्रेन में छूट गया था। 'रेल मदद' पोर्टल पर शिकायत के बाद आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई की और उसका सामान सुरक्षित तरीके से उसे लौटाया। सामान की कुल कीमत 40,000 रुपये आंकी गई।
झंझारपुर,निज संवाददाता। भारतीय रेल की 'ऑपरेशन अमानत' पहल एक बार फिर यात्री के लिए मददगार साबित हुई। बुधवार को समस्तीपुर सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को 'रेल मदद' पोर्टल के माध्यम से एक यात्री का कीमती सामान छूटने की सूचना मिली। त्वरित कार्रवाई करते हुए झंझारपुर आरपीएफ ने न केवल सामान बरामद किया, बल्कि उसे सुरक्षित उसके मालिक तक पहुंचना सुनिश्चित किया। मिली जानकारी के अनुसार, अररिया जिले के फारबिसगंज निवासी मोहम्मद गुलफराज पिता मोहम्मद फिरोज अंसारी, दानापुर जाने के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13211) में सवार हो रहे थे। स्टेशन पर सामान गाड़ी के भीतर रखने के दौरान ही ट्रेन अचानक चल पड़ी।
गुलफराज खुद तो ट्रेन में नहीं चढ़ सके, लेकिन उनका सामान कोच के भीतर ही रह गया। घबराहट में उन्होंने तुरंत 'रेल मदद' पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही समस्तीपुर कंट्रोल रूम ने अलर्ट जारी किया। ट्रेन के निर्मली स्टेशन पहुंचना तय होते ही आरपीएफ आरक्षी हरिनारायण चौधरी ने सामान्य कोच में सघन तलाशी शुरू की। छानबीन के दौरान एक सीट के नीचे लावारिस हालत में नीला ट्रॉली बैग मिला। बैग को सुरक्षित झंझारपुर ओपी लाया गया और पीड़ित को सूचित किया गया। आरपीएफ के सहायक अवर निरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता के पहुंचने पर विधिवत सत्यापन किया गया। बैग का लॉक खोलने पर उसमें लेनोवो कंपनी का एक लैपटॉप और अन्य जरूरी दस्तावेज सही-सलामत पाए गए। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 40 हजार रुपये आंकी गई है। अपना कीमती सामान वापस पाकर मोहम्मद गुलफराज ने रेल प्रशासन और आरपीएफ की कार्यकुशलता के प्रति आभार व्यक्त किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


