
खजौली रेलवे स्टेशन पर आरक्षण काउंटर का शुभारंभ
खजौली रेलवे स्टेशन पर आरक्षण टिकट काउंटर का शुभारंभ रविवार को हुआ। लोजपा (आर) के युवा प्रदेश सचिव विश्वजीत आनंद की पहल पर यह सुविधा शुरू की गई। काउंटर सोमवार से शनिवार सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक...
खजौली, निज प्रतिनिधि। खजौली रेलवे स्टेशन पर बहुप्रतीक्षित आरक्षण टिकट काउंटर का शुभारंभ रविवार को किया गया। लोजपा (आर) के युवा प्रदेश सचिव विश्वजीत आनंद की पहल पर समस्तीपुर रेल मंडल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा और सीनियर डीसीएम अनन्या स्मृति के त्वरित निर्देश पर यह सुविधा शुरू की गई। नया आरक्षण काउंटर स्टेशन के नव निर्मित भवन के काउंटर नंबर एक से चालू किया गया है। निर्धारित समय के अनुसार यह काउंटर सोमवार से शनिवार सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होगा, जबकि रविवार को बंद रहेगा। लंबे समय से खजौली एवं आसपास के हजारों रेल यात्री आरक्षण सुविधा से वंचित थे।

इसके लिए विश्वजीत आनंद ने रेलवे जोनल कार्यालय हाजीपुर के जीएम छत्रपाल सिंह, डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा और वरिष्ठ डीसीएम अनन्या स्मृति को आवेदन देकर आरक्षण काउंटर खोलने की मांग की थी। उनकी इस पहल के बाद आज यह मांग पूरी हो सकी। शुभारंभ के अवसर पर विश्वजीत आनंद ने ही काउंटर से पहला आरक्षित टिकट हाजीपुर से जयपुर तक लिया, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। आरक्षण काउंटर खुलने से खजौली और बाबूबरही विधानसभा क्षेत्र के लाखों रेल यात्रियों को अब लंबी दूरी की गाड़ियों के टिकट के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इससे यात्रियों को न केवल सुविधा मिलेगी बल्कि स्टेशन की रौनक भी बढ़ेगी। आरक्षण काउंटर शुभारंभ अवसर पर मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक विजय कुमार वर्मा, मुख्य वाणिज्य लिपिक अनुज कुमार, प्रभारी स्टेशन अधीक्षक दिलीप कुमार ठाकुर सहित कई रेल अधिकारी मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




