आठवें दिन आवास सहायकों की हड़ताल समाप्त
झंझारपुर के संतनगर पंचायत में आवास सहायकों की हड़ताल 23 फरवरी से चल रही थी, जो सोमवार को समाप्त हो गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज दीक्षित ने वार्ता के बाद हड़ताली कर्मियों को काम पर लौटने का आश्वासन दिया। हड़ताल का कारण 21 फरवरी को दो आवास सहायकों के साथ मारपीट की घटना थी।

झंझारपुर,निज प्रतिनिधि। संतनगर पंचायत में दो आवास सहायकों को बंधक बनाकर मारपीट किए जाने की घटना के विरोध में 23 फरवरी से जारी आवास सहायकों की कलमबंद हड़ताल सोमवार को आठवें दिन समाप्त हो गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज दीक्षित के विभागीय प्रशिक्षण से लौटते ही धरना स्थल पर पहुंचकर वार्ता करने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद हड़ताली कर्मी काम पर लौट गए। गौरतलब है कि हड़ताल शुरू होते ही बीडीओ विभागीय ट्रेनिंग में चले गए थे। उनके प्रशिक्षण से वापस लौटने के बाद ही आंदोलनकारियों से औपचारिक वार्ता हो सकी, जिसके परिणामस्वरूप हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
ज्ञात हो कि 21 फरवरी को संतनगर पंचायत में दो आवास सहायकों के साथ बंधक बनाकर मारपीट की घटना हुई थी। इसके विरोध में आवास सहायक संघ के प्रखंड अध्यक्ष सुजीत कुमार झा के नेतृत्व में प्रखंड मुख्यालय परिसर में धरना दिया जा रहा था। संघ की मांग थी कि सभी आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा कर्मियों की सुरक्षा की गारंटी दी जाए। हड़ताल के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित अन्य आवास योजनाओं के सर्वेक्षण व सत्यापन कार्य प्रभावित हो रहे थे। सोमवार को बीडीओ ने बताया कि नामजद आरोपित न्यायालय से अग्रिम जमानत ले चुके हैं, ऐसे में तत्काल गिरफ्तारी संभव नहीं है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी तथा निष्पक्ष जांच के लिए वरीय अधिकारियों से पत्राचार किया जाएगा। आवास सहायकों ने जांच में अन्य पुलिस पदाधिकारियों को भी शामिल करने की मांग रखी, जिस पर बीडीओ ने वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने का भरोसा दिलाया। आश्वासन के बाद संघ ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। हालांकि संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि मामले में न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे पुन: आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


