
झंझारपुर में सड़क दुर्घटनाओं में चार घायल, दो की हालत गंभीर
झंझारपुर के भैरवस्थान थाना क्षेत्र में पिछले 12 घंटों में हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां दो की हालत नाजुक होने पर...
झंझारपुर,निज संवाददाता। पिछले 12 घंटों के दौरान झंझारपुर के भैरवस्थान थाना क्षेत्र में हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां दो जख्मियों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए मधुबनी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अन्य एक घायल का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में ही किया गया। घायलों में एक चार वर्षीय बच्ची भी शामिल है। पहली घटना बुधवार देर शाम भैरवस्थान थाना के समिया चौक पर हुई, जहां दो बाइकों की टक्कर में दोनों चालक घायल हो गए।

इनमें से एक घायल की पहचान 25 वर्षीय गिरधारी कुमार के रूप में हुई है, जबकि दूसरे अज्ञात घायल को भी रेफर किया गया है। दूसरी घटना बुधवार देर रात झंझारपुर थाना क्षेत्र के चनौरागंज में हुई, जहां एक बाइक सवार ने चार वर्षीय शिल्पी कुमारी (पिता बेचन महतों) को ठोकर मार दी और भाग निकला। तीसरी घटना गुरुवार की सुबह भैरवस्थान थाना क्षेत्र के ओलीपुर गांव के 25 वर्षीय सतीश कुमार के साथ हुई, जब वह अपनी बाइक पर कमला बलान के पश्चिमी तटबंध से झंझारपुर आ रहे थे। मेहथ ढलान के पास वह बाइक सहित तटबंध से नीचे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक थी और सिर में चोट लगने के कारण चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार ने उन्हें सीटी स्कैन की जरूरत बताते हुए रेफर कर दिया। मानवता का उदाहरण पेश करते हुए, बुधवार देर शाम समिया चौक पर हुई दुर्घटना के बाद पूर्व उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने तत्काल मदद की। वह उस समय वहीं से गुजर रहे थे और सड़क पर तड़प रहे घायलों को देखकर अपनी गाड़ी रोकी। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर दोनों घायलों (जिसमें एक अनजान भी शामिल था) को उठाकर टेम्पो से अस्पताल भिजवाया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




