छह माह पानी से घिरे रहते नवटोली के लोग, सड़क-नाला बने तो होगी राहत
मधुबनी के नवटोली कॉलोनी में जलमग्न सड़कों और सफाई की कमी से स्थानीय निवासियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भर जाने से बच्चे और बुजुर्ग प्रभावित हो रहे हैं।...
मधुबनी । मधुबनी नगर निगम क्षेत्र के नवटोली कॉलोनी में कई तरह की समस्याएं हैं। छह माह तक जलमग्न सड़कें यहां की मुख्य समस्या है। यहां की सड़कें वर्षों से जर्जर हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, बरसात शुरू होते ही यह सड़क छह माह तक तालाब में बदल जाती है, जिससे आवागमन ठप हो जाता है। लोगों का कहना है कि जलजमाव की समस्या की मूल वजह नाले का अभाव है। बारिश का पानी निकलने का कोई साधन नहीं होने से सड़क महीनों तक जलमग्न रहती है। इससे घरों में सीलन, बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है क्योंकि पानी भरे मार्ग से होकर स्कूल जाना जोखिम भरा हो जाता है।
स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात में खतरा दोगुना हो जाता है।आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य वाहन इस रास्ते से गुजरने से कतराते हैं। यदि आते भी हैं, तो अतिरिक्त किराया वसूलते हैं। यहां के व्यापारियों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ता है क्योंकि जलजमाव के कारण ग्राहक इस मार्ग से बचते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों की मांग है कि इस सड़क को पक्की बनाई जाए, दोनों तरफ नाले का निर्माण हो और बरसात से पहले जलनिकासी के लिए पंपिंग की व्यवस्था की जाए। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ सड़क की नहीं, बल्कि पूरे इलाके के जीवन, स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था से जुड़ी समस्या है, जिसे तत्काल प्राथमिकता दी जानी चाहिए। गंदे पानी फैलने से बीमारियों का डर: नगर निगम क्षेत्र के नवटोली कॉलोनी के जाने वाले इलाके में बरसात के मौसम में लोगों की समस्याएं चरम पर पहुंच गई हैं। इलाके में नाले का निर्माण नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर महीनों तक जमा रहता है, जिससे मोहल्ला कीचड़, बदबू और गंदगी से पट जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलजमाव की समस्या कई वर्षों से चली आ रही है, लेकिन नगर निगम द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। बारिश के पानी की निकासी न होने से सड़कें लबालब भर जाती हैं। इससे लोगों का निकलना दूभर हो गया है। विशेष रूप से छोटे बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी होती है। सुबह स्कूल जाते समय बच्चे गंदे पानी में फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उन्हें चोट लगने के साथ-साथ सर्दी, खांसी और बुखार जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। अभिभावकों ने बताया कि जलजमाव के कारण उनके बच्चों को बार-बार बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही मोहल्ले में मच्छरों का प्रकोप भी तेजी से बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। सफाई नहीं होने से परेशानी : नवटोली कॉलोनी में नियमित साफ-सफाई नहीं होती। सफाईकर्मियों की लापरवाही के कारण आम नागरिकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सफाई नहीं होने से सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े-कचरे का अंबार लगा हुआ है। जगह-जगह जमा गंदगी से वातावरण प्रदूषित हो गया है और बदबू के कारण लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है। शिकायत करने के बावजूद नहीं हुई व्यवस्था स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी की वजह से मच्छर और मक्खियों की भरमार हो गई है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। मोहल्ले में न तो कचरा उठाने की गाड़ी समय पर आती है और न ही सफाईकर्मी नियमित ड्यूटी करते हैं। लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार नगर निगम कार्यालय में शिकायत की, लेकिन किसी तरह की ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कुछ जगहों पर तो सप्ताहों से सफाई नहीं हुई है, जिससे हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। आवारा पशु भी कचरे में मुंह मारते रहते हैं, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा और बढ़ गया है। गर्मी में पेयजल की समस्या: नवटोली कॉलोनी के आने वाले इलाके में गर्मी के दिनों में पेयजल की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बन जाती है। भीषण गर्मी के कारण जलस्तर काफी नीचे चला गया है, जिससे मोहल्ले में लगे सभी चापाकलों ने पानी देना बंद कर दिया है। इससे आम लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। मोहल्ले में नल जल योजना की पाइपलाइन पहले से ही कई स्थानों पर टूटी पड़ी है। कई घरों तक पानी की आपूर्ति कभी नहीं पहुंच पाई, वहीं जहां पहुंची भी, वहां आधे-अधूरे कार्य के कारण लोग पानी से वंचित हैं। पाइपलाइन से न तो नियमित जलापूर्ति हो रही है और न ही इसका मरम्मत तेजी से की जा रही है। स्थिति यह है कि लोगों को रोजाना कई सौ मीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ता है। मोहल्लेवासियों की मांग है कि निगम के अधिकारी व स्थानीय प्रतिनिधि इस क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं का जायजा लें और तत्काल प्रभाव से सुविधाएं बहाल करें। वार्ड में सड़क निर्माण नहीं होने से आवागमन में होती है परेशानी नगर निगम क्षेत्र के नवटोली कॉलोनी की बदहाल स्थिति ने स्थानीय निवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। वार्ड के कई इलाकों में आज तक पक्की सड़क नहीं बनी है, जिससे लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यह समस्या और भी विकराल हो जाती है, जब कच्चे रास्ते कीचड़ में तब्दील हो जाते हैं और पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। स्थानीय निवासी बताते हैं कि वर्षों से वे सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। -----------बोले जिम्मेदार---------- इलाके में जलजमाव की समस्या है। इसकी जानकारी मिली है। अधिकारियों को जल निकासी की व्यवस्था बहाल करने को कहा गया है। जरूरत होगी तो इलाके में नाला निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। कॉलोनी की साफ सफाई के लिए सफाईकर्मियों को निर्देश दिया गया है। अगर सफाई को लेकर कोई समस्या आ रही है तो सूचना दें। -अनिल कुमार चौधरी,नगर आयुक्त
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




