ट्रेन की बोगी से धुआं उठते ही रेलवे स्टेशन पर मची अफरातफरी

हिन्दुस्तान, मधुबनी
Follow us on Google News
share

मधुबनी रेलवे स्टेशन पर जयनगर-उधना एक्सप्रेस की बोगी में आग लग गई। आग लगने से बोगी पूरी तरह जल गई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। रेलवे प्रशासन घटना की जांच कर रहा है और असामाजिक तत्वों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

ट्रेन की बोगी से धुआं उठते ही रेलवे स्टेशन पर मची अफरातफरी

राम शरण साह मधुबनी।जयनगर-उधना एक्सप्रेस की बोगी से गुरुवार अहले सुबह धुआं उठते ही रेलवे स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। रेलवे स्टेशन के उत्तरी छोर स्थित रूम में सोए मजदूर शोर मचाने लगे। सुरक्षा कर्मी एवं स्टेशन पर कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी प्लेटफार्म नंबर 3 की ओर भागने लगे।स्टेशन ड्यूटी पर तैनात संतोष कुमार यादव प्लेटफार्म नंबर तीन पर लगे नल से पाइप के सहारे आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि उनका प्रयास नाकाफी साबित हुआ। तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड टीम को दी गई। 3.43 बजे सूचना मिलते ही जिला अग्निशमन पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी बमबम सिंह, जयप्रकाश सहित अन्य कर्मी चार बड़े दमकल गाड़ी के साथ कुछ ही देर बाद माल गोदाम की ओर से रेलवे स्टेशन पहुंच गए। फायर ब्रिगेड वाहनों की सायरन एवं हूटर की शोर से स्टेशन मोहल्ले में सो रहे लोगों की नींद खुल गई। लोग स्टेशन की ओर भागे। कुछ ही देर में दो छोटा दमकल गाड़ी भी पहुंच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रेलवे स्टेशन के उत्तरी छोर से तीन नंबर बोगी आग में पूरी तरह जलकर खाक हो गया। बाद में सूचना पर समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश, डीएसओ धर्मेन्द्र कुमार तथा डीओएम अमृतेश कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जले हुए बोगी का जायजा लिया। जयनगर जीआरपी थाना प्रभारी गुंजन कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। अधिकारी बार-बार घटना का पता लगाने की कोशिश में जुटे थे। आसपास के बोगी का बिजली सप्लाई वायर की भी जांच की। हालांकि अधिकारियों ने घटना का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है। डीआरएम ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद घटना के कारण का पता चलेगा। जांच के दौरान स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार, स्टेशन मास्टर मनोज कुमार, आरपीएफ कमांडेंट आशीष कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश भी मौजूद थे

जयनगर जीआरपी थाना में दर्ज हुआ एफआईआर

जयनगर-उधना एक्सप्रेस की बोगी में गुरुवार को आग लगने की घटना को लेकर जयनगर जीआरपी थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। थाना अध्यक्ष गुंजन कुमार ने बताया कि मधुबनी रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक के लिखित शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। लिखित आवेदन में फिलहाल अज्ञात कर्म से आग लगने की बात कही गई है थाना अध्यक्ष ने बताया कि रेल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

किसी यात्री या रेलकर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं, बोगी जलकर खाक

राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया गया है कि यह ट्रेन 26 मई की रात करीब 1:00 बजे से स्टेशन पर खड़ी थी और गुरुवार रात 11:50 बजे इसे जयनगर से उधना के लिए रवाना होना था। ट्रेन में आग लगने की खबर मिलते ही समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश, डीएसओ धर्मेंद्र कुमार और डीओएम अमृतेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जली हुई बोगी का जायजा लिया। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक साइंस की टीम को बुलाया गया, जिसने जल चुके कोच के अलग-अलग हिस्सों से नमूने एकत्र किए हैं। इस घटना ने तीन साल पुराने उस हादसे की यादें ताजा कर दीं, जब मधुबनी स्टेशन पर ही अहले सुबह स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में आग लग गई थी और उसके कई एसी कोच जलकर खाक हो गए थे। खाली खड़ी ट्रेन में दोबारा ऐसी घटना होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

फॉरेंसिक साइंस की टीम घंटों जांच की

जयनगर-उधना एक्सप्रेस में आग लगने की सूचना पर गुरुवार सुबह डीएसपी सोनालिका भदानी के नेतृत्व में फॉरेंसिक साइंस की टीम मधुबनी रेलवे स्टेशन पहुंची। डीएसपी एवं उनके साथ आए कर्मचारी जले हुए कोच का सघन जांच की। ऊपर और नीचे की जली हुई सीटें एवं खिड़कियों से नमूने लिए। बोगी के अंदर जगह-जगह पसरे मलवे से भी नमूने इकट्ठे किए। फॉरेंसिक टीम घंटों छानबीन की। आसपास के कोच का भी जायजा लिया।

असमाजिक तत्वों के हरकत से इनकार नहीं

जयनगर-उधना एक्सप्रेस में आग लगने की घटना में शरारती तत्वों का हाथ होने से भी रेलवे प्रशासन इनकार नहीं कर रही है। रेलवे अधिकारी विभिन्न पहलुओं पर जांच में जुटी है। डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने बताया कि जब तक जांच में घटना के स्पष्ट कारण का खुलासा नहीं हो जाता‌ तब तक विभिन्न बिंदुओं पर जांच चल रही है। कहीं नशा करने वाले असमाजिक तत्वों ने बीड़ी सिगरेट जलाने के दौरान ट्रेन में आग तो नहीं लगाई इस पर भी जांच की जा रही है। बिजली शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना को भी तलाशा जा रहा है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कई कारण हो सकते हैं। हर पहलुओं पर जांच चल रही है।

असमाजिक तत्वों के जमावड़े की डीआरएम से शिकायत

रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में आग लगने की घटना की जांच के लिए पहुंचे डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा से लोगों ने मधुबनी रेलवे स्टेशन के आसपास असामाजिक तत्वों के जमावड़े को लेकर शिकायत की। डीआरएम से लोगों ने कहा कि रेलवे स्टेशन के उत्तरी छोर से दक्षिणी छोर तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। रेलवे ओवर ब्रिज के पास सुखा नशा करने वालों का जमावड़ा रहता है। रेलवे की भूमि अतिक्रमण करने वाले असामाजिक तत्वों को संरक्षण देते हैं। माल गोदाम की तरफ भी नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। आने जाने वाले राहगीरों को भी परेशानी होती है। लोगों के सवाल पर डीआरएम ने तत्काल अपने साथ आए अधिकारियों को शिकायत नोट करने को कहा। बाद में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि असमाजिक तत्वों के जमावड़े की जानकारी उन्हें प्राप्त हुई है। यात्रियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। लोगों की शिकायत पर ठोस कदम उठाया जाएगा।

जले कोच को हटाकर खुली ट्रेन

जयनगर से उधना जाने वाली 22563 जयनगर उधना एक्सप्रेस गुरुवार रात जले कोच को हटाकर अपने निर्धारित समय से खुली। जयनगर से ये ट्रेन रात करीब 11.50 बजे खुली। मधुबनी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन से गुरुवार शाम जले कोच को हटाया गया। फिर उक्त ट्रेन जयनगर गई। वहां से रात में उधना के लिए खुली। इससे यात्रियों ने राहत की सांस ली। पूछताछ काउंटर पर यात्री दिनभर उधना एक्सप्रेस के खुलने को लेकर संशय में थे। लेकिन जले कोच हटाए जाने के बाद यात्रियों को ट्रेन खुलने की उम्मीद जगी।

चार साल पहले भी कोच में लगी थी आग

मधुबनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर करीब चार साल पहले भी कोच में आग लगी थी। 21 फरवरी 2022 को तीन नंबर प्लेटफार्म पर खड़ी स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के करीब तीन कोच जल कर राख हो गए थे। दोनों घटना में अंतर सिर्फ इतना है कि उस समय प्लेटफार्म के दक्षिणी भाग में खाली कोच में आग लगी थी। इस बार उत्तरी भाग में खाली कोच में आग लगी है। उस समय भी घटना के बाद वरीय अधिकारी और फॉरेंसिक टीम पहुंची थी। जांच हुई लेकिन रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई। यात्रियों का कहना है कि आखिर बार बार तीन नंबर प्लेटफार्म पर खड़ी खाली कोच में ही आग क्यों लग रही है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

क्या इस घटना में किसी को नुकसान हुआ?
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।