बेकाबू स्कॉर्पियो और ट्रक में टक्कर में पांच लोगों की मौत

Mar 05, 2026 09:03 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मधुबनी
share Share
Follow Us on

फुलपरास थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर एक भीषण हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कॉर्पियो और ट्रक की टक्कर में यह दुर्घटना हुई। मृतकों में चार हरियाणा के निवासी हैं। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

बेकाबू स्कॉर्पियो और ट्रक में टक्कर में पांच लोगों की मौत

फुलपरास (मधुबनी), एक संवाददाता। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 पर फुलपरास थाना क्षेत्र के परसा चौक के समीप गुरुवार अलसुबह भीषण हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में स्कॉर्पियो के परखचे उड़ गए। मृतकों में चार की पहचान हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी के रूप में हुई है, जबकि एक की पहचान नहीं हो सकी है। जख्मी कपिस व रितिक भी कुरुक्षेत्र के रहनेवाले हैं। दोनों का इलाज डीएमसीएच में हो रहा है। पुलिस के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब चार बजे खोपा और परसा के बीच हुआ। हरियाणा नंबर (एचआर 07 एजी 3633) की स्कॉर्पियो दरभंगा की ओर से आ रही थी।

तेज रफ्तार होने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी डिवाइडर को पारकर विपरीत लेन में चली गई। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।अस्पताल ले जाने के दौरान तीन ने तोड़ा दमघटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए झंझारपुर अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। हालांकि, रास्ते में ही तीन अन्य घायलों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान कुरुक्षेत्र जिले के कनिपला निवासी संजीव और रौडीखेड़ी गांव निवासी विकास एवं अंकुश के रूप में की गई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल रितिक (27), रजिया (29) और कपिस (26) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया गया है। सूचना है कि डीएमसीएच में इलाज के दौरान रजिया ने भी दम तोड़ दिया।परिजनों को नहीं थी घूमने जाने की जानकारीजांच में पता चला है कि मृतक संजीव अपने दोस्त से गाड़ी मांगकर घूमने निकला था। संजीव के साले विक्रम कुमार ने बताया कि पिछले तीन दिनों से उनसे कोई बात नहीं हुई थी और परिजनों को उनके इस सफर के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस ने जब गाड़ी मालिक से संपर्क किया तो उसने भी बताया कि संजीव ने गाड़ी मांगी थी लेकिन गंतव्य के बारे में कुछ नहीं कहा था। आशंका जताई जा रही है कि ये लोग उत्तर-पूर्व (नॉर्थईस्ट) या नेपाल घूमने जा रहे थे।गाड़ी में चालक सहित कुल सात लोग (6 पुरुष और 1 महिला) सवार थे। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। एक महिला की डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। दो घायलों का इलाज डीएमसीएच में हो रहा है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है और परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।-विक्रम आचार्य, थानाध्यक्ष, फुलपरास

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।