अंधराठाढ़ी में आठ निजी क्लीनिकों में टीम ने की जांच, मात्र एक निबंधित
झंझारपुर में बिना वैध डिग्री के एमबीबीएस डॉक्टर बनकर निजी नर्सिंग होम चलाने का मामला सामने आया है। सिविल सर्जन के निर्देश पर की गई जांच में आठ नर्सिंग अस्पतालों में से केवल एक के पास वैध कागजात मिले। अधिकतर अस्पताल बिना किसी प्रमाण पत्र के चल रहे थे।

झंझारपुर। बिना मेडिकल की पढ़ाई किए और बिना किसी वैध डिग्री (जैसे बीएएमएस) के, खुद को एमबीबीएस डॉक्टर बताकर धड़ल्ले से निजी नर्सिंग होम चलाने का एक बड़ा मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात यह है कि यह फर्जीवाड़ा ठीक स्थानीय थाने के सामने चल रहा था। इस पूरे मामले का खुलासा सोमवार को सिविल सर्जन के निर्देश पर अंधराठाढ़ी प्रखंड मुख्यालय में निजी क्लीनिकों और नर्सिंग होम की जांच के लिए चलाए गए एक विशेष औचक अभियान के दौरान हुआ। अंधराठाढ़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमेश कुमार राय के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम ने सोमवार को क्षेत्र के आठ निजी नर्सिंग अस्पतालों में अचानक छापेमारी की। जांच के दौरान इन अस्पतालों में हड़कंप मच गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि लक्ष्मी नर्सिंग होम, गीतांजली हेल्थ केयर, संजीवनी हेल्थ केयर, रामचंद्र मदर & चाइल्ड क्लीनिक, खुशी हेल्थ केयर, हिन्दुस्तान क्लीनिक, दुर्गा नर्सिंग होम, डॉ. के.के. महतो क्लीनिक का जांच किया गया। जिसमें से सात के पास निबंधन (रजिस्ट्रेशन) से जुड़े कोई भी वैध कागजात नहीं मिले。
जांच में कई अनियमितताएँ
बोर्ड पर एमबीबीएस, पास में सर्टिफिकेट नहीं
जांच टीम के अनुसार, प्रखंड मुख्यालय में संचालित 'खुशी हेल्थ केयर' नामक निजी क्लीनिक के बोर्ड पर डॉ. सी.एम. चौहान (एमबीबीएस) जनरल फिजिशियन व सर्जन लिखा हुआ पाया गया। जब टीम ने उनसे मेडिकल की डिग्री और सर्टिफिकेट दिखाने की मांग की, तो वे कोई भी दस्तावेज उपलब्ध कराने में पूरी तरह असमर्थ रहे।
सिर्फ एक अस्पताल के पास वैध कागजात
जांच टीम ने बताया कि इस विशेष अभियान में केवल एक 'दुर्गा नर्सिंग होम' ही ऐसा संस्थान पाया गया जिसके पास निबंधन के वैध कागजात मौजूद थे। इसके अलावा 'हिन्दुस्तान क्लीनिक' जांच के समय बंद पाया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि वे इस पूरी जांच की विस्तृत रिपोर्ट और अपना जांच प्रतिवेदन आगे की कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई के लिए सिविल सर्जन को भेज रहे हैं।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


