भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा और पुख्ता, होगी वीडियोग्राफी
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए डीएम आनंद शर्मा ने जटही-पिपरौन बॉर्डर का मुआयना किया। उन्होंने एसएसबी को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और चेकपोस्टों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया।...
हरलाखी,एक संवाददाता। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा और पुख्ता होगा, साथ ही आंतरिक समन्वय को लेकर बेहतर सुविधा प्रदान की जाएगी। बॉर्डर पर बेहतर सुरक्षा बढ़ाने के लिए इसका जायजा लिया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर एसएसबी को बेहतर सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए सीमा पर स्थित सभी चेकपोस्ट का मुआयना किया जा रहा है। ये बातें डीएम आनंद शर्मा ने गुरुवार को जटही-पिपरौन बॉर्डर पर कही। वे सीमा क्षेत्र का जायजा ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने जयनगर से भ्रमण कर हरलाखी आने के क्रम में सबसे पहले कल्याणेश्वर स्थान में पूजा अर्चना की। उसके बाद बेनीपट्टी एसडीएम शारंग पाणि पांडेय, हरलाखी बीडीओ रविशंकर पटेल, सीओ रीना कुमारी व अन्य पदाधिकारियों के साथ जटही-पिपरौन बॉर्डर पर जाकर चेकपोस्ट का मुआयना किया।

मुआयना करने के दौरान चेकपोस्ट पर डीएम के आगमन की सूचना पाकर पहले से मौजूद एसएसबी 48 वीं वाहिनीं जयनगर के डिप्टी कमांडेंट विवेक ओझा, पिपरौन एसएसबी कंपनी इंचार्ज एसी पारस राठी व नेपाल के एपीएफ के अधिकारी व एसएसबी के कई पदाधिकारी मौजूद थे। डीएम चेकपोस्ट पर पहुंचते ही वहां मौजूद अधूरे पुल के संबंध में भी जानकारी ली। बॉर्डर पिलरों की स्थिति और नदी का भी अवलोकन किया। अपने साथ मौजूद बीडीओ को निर्देश देते हुए कहा कि जटही-पिपरौन बॉर्डर पर पुल मार्ग और नो मेंस लेंड एरिया का वीडियोग्राफी कर भेजें। उसके बाद आरईओ के कार्यपालक अभियंता को निर्देश देकर जर्जर सड़क को तत्काल भरकर सुचारू रूप से आवागमन बहाल करने को कहा। डीएम ने कहा कि सीमा से संबंधित गंभीर मामले की रिपोर्ट आगे भेजी जाएगी। ताकि सीमा पर बेहतर सुरक्षा के साथ दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी समन्वय भी बना रहे। इसके अलावा सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने में एसएसबी को जो भी दिक्कतें आ रही है, उसे भी नोट किया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




