
कोडिनयुक्त कफ सिरप के साथ एक धंधेबाज गिरफ्तार व दूसरा फरार, एफआईआर
मधेपुर पुलिस ने मंगलवार रात एक बाइक और 50 बोतल प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप के साथ एक धंधेबाज अर्जुन कुमार मंडल को गिरफ्तार किया। दूसरा धंधेबाज चौकीदार को दांत काटकर भाग गया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की और एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की।
मधेपुर, निज संवाददाता। मधेपुर थाने की पुलिस ने मंगलवार रात करीब नौ बजे एक बाइक व 50 बोतल प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया जबकि दूसरा धंधेबाज चौकीदार को दांत काटकर हाथापाई कर फरार हो गया। धराया व्यक्ति 24 वर्षीय अर्जुन कुमार मंडल मधेपुर बाजार हनुमान चौक मोहल्ला का निवासी बताया गया है। जबकि चौकीदार को दांत काटकर तथा हाथापाई व धक्कामुक्की कर फरार एक धंधेबाज भी इसी मोहल्ले का निवासी बताया गया है। यह कार्रवाई एसआई कंचन कुमार सिंह ने पुलिस कर्मियों के सहयोग से मंगलवार रात करीब नौ गुप्त सूचना के आधार पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में छापेमारी कर की।
मधेपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विश्वजीत कुमार तथा एसआई कंचन कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि महिसाम से एक ही बाइक पर सवार दो व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर मधेपुर बाजार स्थित हनुमान चौक के पास अपने घर आ रहा है। तत्क्षण पुलिस कर्मी मधेपुर बाजार हनुमान चौक पर पहुंचे। पुलिस की गाड़ी देखते ही एक बाइक पर से संदिग्ध हालात में दो व्यक्ति उतरा व एक व्यक्ति हाथ में लिए झोला लेकर आंगन घुसा। पुलिस बलों के सहयोग से उस युवक को आंगन में झोला सहित दबोचा गया। जबकि दूसरा व्यक्ति चौकीदार जियाउर रहमान को दांत काटकर तथा हाथापाई व धक्का-मुक्की कर फरार हो गया।धराये व्यक्ति के पास से झोला में 50 बोतल कोडिनयुक्त प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया। इस प्रतिबंधित कफ सिरप का कम्पोजीशन ट्राईप्रोलाईडिन हाइड्रोक्लोराइड एंड कोडिन फॉस्फेट है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने महिसाम के एक व्यक्ति से यह प्रतिबंधित कफ सिरप खरीदने की बात कही है। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विश्वजीत कुमार ने बताया कि इस संबंध में गिरफ्तार अर्जुन कुमार मंडल सहित तीन ज्ञात तथा अन्य अज्ञात के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। गिरफ्तार मधेपुर हनुमान चौक मोहल्ला के अर्जुन कुमार मंडल को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




