Hindi NewsBihar NewsMadhubani NewsDr Nikhil Bharat Achieves Success in Developing Advanced Aluminum Nano Composites for Aviation and Energy
मधुबनी के निखिल ने तैयार किया एल्युमिनियम का उन्नत नैनो पदार्थ
संक्षेप:
मधुबनी के डॉ. निखिल भरत ने वारंगल के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में उन्नत एल्यूमिनियम नैनो कंपोजिट का विकास किया है। इस नैनो पदार्थ के उपयोग से विमानन और ऊर्जा क्षेत्र में तकनीकी मदद मिलने की उम्मीद है। वे वर्तमान में स्पेन में अगली पीढ़ी के हाइड्रोजन ईंधन संचालित विमानों पर काम कर रहे हैं।
Dec 13, 2025 09:49 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मधुबनी
मधुबनी। जिले के डॉ. निखिल भरत ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, वारंगल में उन्नत एल्यूमिनियम नैनो कंपोजिट के विकास पर महत्वपूर्ण शोध में कामयाबी हासिल की है। उन्होंने एल्यूमिनियम में टाइटेनियम ऑक्साइड और सिलिकॉन कार्बाइड जैसे नैनो कणों का उपयोग कर ऐसा पदार्थ विकसित किया है जो हल्का होने के साथ ही अत्यधिक मजबूत भी है। इस नैनो पदार्थ से विमानन, रक्षा और ऊर्जा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण तकनीकी मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। शहर के महिला कॉलेज रोड निवासी डॉ. निखिल द्वारा विकसित किए गए इस नैनो पदार्थ के उपयोग से विमानों और अंतरिक्ष यानों की ईंधन दक्षता बढ़ने, लागत घटने और उनकी संरचनात्मक सुरक्षा में सुधार की संभावना जताई जा रही है। साथ ही, इसे जटिल इंजीनियरिंग प्रणालियों के लिए भी अत्यंत उपयोगी माना जा रहा है। यह भविष्य में हाइड्रोजन ईंधन आधारित विमानों और स्वच्छ ऊर्जा प्रणालियों के विकास में भी सहायक हो सकता है। डॉ. निखिल ने एल्यूमिनियम का नैनो पदार्थ विकसित करने के लिए सॉफ्ट कंप्यूटिंग आधारित अनुकूलन तकनीक का उपयोग किया।
प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें डॉ. निखिल की प्रारंभिक शिक्षा मधुबनी शहर में ही हुई। उन्होंने आईआईटी भुवनेश्वर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसके बाद उनका चयन राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, वारंगल में बतौर शोधार्थी हुआ। वे इन दिनों स्पेन के यूनिवर्सिटी ऑफ गिरोना में पोस्टडॉक्टोरल शोधकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं। वहां वे अगली पीढ़ी के हाइड्रोजन ईंधन संचालित विमानों के लिए क्रायोजेनिक हाइड्रोजन टैंक के परीक्षण पर काम कर रहे हैं। डॉ. निखिल ने बताया कि उनका लक्ष्य उन्नत सामग्री, मशीनिंग और सतत निर्माण के क्षेत्र में सशक्त शोध समूह तैयार करना है, जिससे भारत को वैश्विक नवाचार में अग्रणी भूमिका मिल सके।
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, वारंगल ने इस महत्वपूर्ण शोध के लिए निखिल को सम्मानित किया है। संस्थान के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आनंद राममूर्ति, रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव व डीआरडीओ के अध्यक्ष समीर वी कामत की मौजूदगी में यह सम्मान उनके पिता संवानिवृत्त बैंक प्रबंधक भरत प्रसाद ने प्राप्त किया। निखिल की मां अर्चना कुमारी शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanहिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




