होम डिलीवरी नहीं करने वाले एजेंसी संचालकों पर होगी कार्रवाई
मधुबनी के जयनगर में बेलही इंडेन गैस एजेंसी पर भीड़ देखकर डीएम आनंद शर्मा ने संचालक को फटकार लगाई। उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को 100% होम डिलीवरी सुनिश्चित करें। अनावश्यक भीड़ पर कार्रवाई की चेतावनी दी। जांच अभियान में गैस वितरण की गुणवत्ता की समीक्षा की गई।

मधुबनी। जयनगर के बेलही इंडेन गैस एजेंसी पर भीड़ देख डीएम आनंद शर्मा बिफर पड़े। उन्होंने गैस एजेंसी संचालक को कड़ी फटकार लगाई। वे बुधवार को विभिन्न गैस एजेंसियों के निरीक्षण के दौरान बेलही पहुंचे थे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि हर हाल में एलपीजी उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी गैस एजेंसी में अनावश्यक भीड़ अथवा लंबी कतारें पाए जाने पर जवाबदेही तय करते हुए संबंधित एजेंसियों के संचालक पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि गैस एजेंसियों का दायित्व है कि उपभोक्ताओं को समय पर एवं व्यवस्थित सेवा उपलब्ध कराएं ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
डीएम के निर्देश पर जिले के सभी क्षेत्रों में घरेलू गैस एवं पेट्रोल डीजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर सघन जांच एवं औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। जांच के दौरान अधिकारियों ने गैस वितरण केंद्रों पर एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता, होम डिलीवरी प्रणाली, ऑनलाइन बुकिंग से संबंधित शिकायतें, पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था, एजेंसी कर्मियों की उपस्थिति तथा गोदामों के सत्यापन की गहन समीक्षा की गई।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


