भक्तों की इच्छा से भगवान लेते हैं अवतार: आचार्य महानंद झा
मधेपुर में आचार्य महानंद झा ने श्रीमद्भागवत कथा के पहले दिन कहा कि कथा श्रवण से मनुष्य का कल्याण और मोक्ष प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि भगवान की महिमा अपरंपार है और भक्ति से जीवन के कष्ट दूर होते हैं। कथा सुनने से बंधुत्व की भावना बढ़ती है और आचरण में सुधार होता है।

मधेपुर, निज संवाददाता। कलिकाल में श्रीमद्भागवत कथा श्रवण करने से मनुष्य का कल्याण व मोक्ष की प्राप्ति होती है। श्रीमद्भागवत कथा कल्याणकारी है। भगवान की महिमा अपरंपार है। लोग जिस रूप में भगवान का सुमिरन करते हैं भगवान उन्हें उसी रूप में मिल जाते हैं। भक्तों की इच्छा से भगवान पृथ्वी पर अवतार लेते हैं। यह बातें ख्यातिलब्ध कथावाचक आचार्य महानंद झा ने बरसाम गांव स्थित सुनील कुमार झा के आवासीय परिसर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के तहत पहले दिन शुक्रवार देर शाम कही। प्रथम दिन श्रीमद्भागवत कथा माहात्म्य पर उन्होंने कथा वाचन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा सुनने से सद्गति मिलती है।
एक-दूसरों में बंधुत्व की भावना बढ़ती है। मनुष्यों के आचरण में अपेक्षित सुधार होता है। कथावाचक आचार्य पंडित महानंद झा ने कहा कि मनुष्य को अपनी जीवन कल्याण के लिए श्रीमद्भागवत कथा सुनना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण के नाम लेने से जीवन में सारे कष्ट दूर हो जाते हैं। श्रीमद्भागवत कथा श्रवण से लोगों के सभी पाप कट जाते हैं। उन्होंने कहा कि मानव को भागवत कथा जरूर सुननी चाहिए। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित महानंद झा ने कहा कि भागवत कथा का प्रभाव तभी दिखता है जब आप अपने शरीर से विकार व अहंकार दूर करते हैं। तभी भक्ति आपके हृदय में बसती है और फिर भगवान की कृपा बरसती है। उन्होंने कहा कि बहुत कठिन तप करने पर ही मानव का तन मिलता है। इसलिए इस शरीर का सही उपयोग करना चाहिए। भगवान के प्रति आस्था और विश्वास रखने से ही आपका कल्याण होगा। इसलिए सच्चे मन से भगवान की कथा को सुनें व भगवान के बताये मार्ग पर चलें, आपका कल्याण होगा। संगीतमय साप्ताहिक कथावाचन में परायणकर्ता कौशल चौधरी, ऑर्गन पर प्रदीप झा, नाल पर विजय आचार्य, पैड पर चंदन ठाकुर सहयोग कर रहे हैं। जबकि कथा महायज्ञ के संपादन में यजमान सुनील कुमार झा, किरण देवी, परमानंद झा, अनिल कुमार झा, रंगनाथ झा, कौशल किशोर झा, सरोज कुमार झा, अरविंद कुमार झा, लक्ष्य राज सहित समस्त ग्रामीण मनोयोग से लगे हुये हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


