खजौली में जिलास्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, 135 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग
खजौली में राष्ट्रीय युवा सप्ताह के अवसर पर प्रगति समाजसेवी युवा समिति द्वारा जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 6 से 10 तक के 135 छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 50 बहुवैकल्पिक प्रश्न पूछे गए और सुपर-5 में स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को 11 फरवरी को पुरस्कार दिया जाएगा।

खजौली, निज प्रतिनिधि। राष्ट्रीय युवा सप्ताह के अवसर पर प्रगति समाजसेवी युवा समिति खजौली की ओर से जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन महात्मा गांधी स्मारक 2 उच्च विद्यालय, खजौली में किया गया। प्रतियोगिता में मधुबनी जिले के कक्षा 6 से 10 तक के कुल 135 छात्र- छात्राओं ने हिस्सा लिया, जिनमें 80 छात्र और 55 छात्राएं शामिल रहीं। समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार यादव ने बताया कि परीक्षा में सामान्य ज्ञान, गणित, हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान और तर्कशक्ति से जुड़े कुल 50 बहुवैकल्पिक प्रश्न पूछे गए। परीक्षा कुल 100 अंकों की थी। उन्होंने कहा कि सभी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा।
सुपर-5 में स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को 11 फरवरी को आयोजित होने वाले भव्य पुरस्कार वितरण सह सम्मान समारोह में आकर्षक उपहार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को साइकिल प्रदान की जाएगी। समिति के सदस्य रौशन कुमार साह ने बताया कि समिति पिछले कई वर्षों से कदाचार मुक्त परीक्षा का आयोजन करती आ रही है और सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाता है। राकेश कुमार ने कहा कि बीते 12 जनवरी को आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में सफल रहे प्रतिभागियों को भी 11 फरवरी को सम्मानित किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की जिला स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन को सराहनीय पहल बताया। मौके पर अरुण कुमार यादव, रौशन कुमार साह, मिथिलेश यादव, राकेश कुमार, कृष्ण कुमार, पिंटू झा, पप्पू कुमार सहित दर्जनों अभिभावक एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




