
नमस्ते योजना के तहत कचरा बीनने वालों का बनेगा डिजिटल प्रोफाइलिंग
मधुबनी में नगर विकास एवं आवास विभाग ने नमस्ते योजना के तहत कचरा बीनने वाले वर्कर की डिजिटल प्रोफाइलिंग शुरू करने का निर्देश दिया है। सभी नगर निकायों को गूगल फॉर्म के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराने का कहा गया है। इससे 10,000 से अधिक कचरा कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिलेगा।
मधुबनी,निज संवाददाता। नगर विकास एवं आवास विभाग ने नमस्ते योजना के तहत कचरा बीनने वाले वर्कर की डिजिटल प्रोफाइलिंग शीघ्र करने का निर्देश दिया है। उप सचिव राजेश कुमार तिवारी द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि मधुबनी नगर निगम सहित जिले के सभी छह नगर निकाय गूगल फॉर्म के माध्यम से सर्वेक्षण की प्रारंभ तिथि, कैंप स्थल और कैंप के समय की जानकारी विभाग को तुरंत उपलब्ध करायेंगे। इसको लेकर मधुबनी नगर निगम, झंझारपुर नगर परिषद, जयनगर, बेनीपट्टी, फुलपरास, घोघरडीहा नगर पंचायत में इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशानुसार, वेस्ट पिकर्स को दो वर्गों में रखा गया है।

औपचारिक और अनौपचारिक वर्कर के रुप में इन सभी को चिह्नित किया जाएगा। जिन कचरा कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलता है, वे औपचारिक श्रेणी में आएंगे, जबकि अन्य सभी अनौपचारिक वेस्ट पिकर्स के रूप में पंजीकृत किए जाएंगे। इस प्रोफाइलिंग का उद्देश्य कचरा प्रबंधन में उनकी भूमिका को औपचारिक रूप से पहचान देना और उन्हें समाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है। इस योजना से जिले के दस हजार से अधिक पीकर्स को लाभ मिलने की उम्मीद है। सभी पिकर्स का बनेगा विशेष आईडी नमस्ते पोर्टल पर इन सभी पिकर्स को लॉगिन कर विशेष आईडी बनाया जायेगा। इसे बनाना प्रत्येक नगर निकाय की जिम्मेदारी होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आईडी निर्माण से लेकर कैंप संचालन तक, सभी चरण निर्धारित प्रारूप और गाइडलाइन के अनुसार किए जाएं। सर्वेक्षण कैंपों में स्टैंडी व बैनर लगाना अनिवार्य किया गया है। इसके लिए विभाग ने गूगल ड्राइव लिंक पर मानक सामग्री उपलब्ध कराई है। यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि कैंप स्थल पर स्पष्ट रूप से नमस्ते योजना और प्रोफाइलिंग प्रक्रिया की जानकारी प्रदर्शित रहे, ताकि वेस्ट पिकर्स आसानी से शिविर तक पहुंच सकें। विभिन्न कैटोगरी का होगा निर्धारण विभाग ने सभी निकायों को समय पर सर्वे व प्रोफाइलिंग कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है। ताकि लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके। डिजिटल प्रोफाइलिंग पूर्ण होते ही वेस्ट पिकर्स को आयुष्मान भारत, प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति, कौशल प्रशिक्षण, बीमा और अन्य योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नमस्ते योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी निकाय समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करें। क्या कहते हैं अधिकारी नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने बताया कि विभाग के निर्देश के अनुसार सभी संबंधित ने काम शुरू कर दिया है। इसके लिए सभी को गाइडलाइन जारी किया गया है, ताकि समय पर काम पूरा हो सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




