Madhubani News: अपर समाहर्ता ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, कार्रवाई का आदेश
Madhubani News: मधुबनी में आयोजित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत अपर समाहर्ता ने आमजनों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। कई लोगों ने अपनी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं, जिनमें से मुख्य समस्याएं बकाया राशि और भूमि कब्जे से संबंधित थीं। अधिकारियों को समस्याओं के समाधान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

Madhubani News: मधुबनी,एसं। सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में ‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर समाहर्ता राजेश कुमार ने आमजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से समाधान करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में समस्याएं
संबंधित विभागों के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से भी कार्यक्रम से जुड़े। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। उत्क्रमित मध्य विद्यालय ओलीपुर, झंझारपुर के विशिष्ट शिक्षक विकास कुमार ने प्रधानाध्यापक पर रूटीन से अधिक कक्षा लेने का दबाव बनाने और मानसिक रूप से परेशान करने की शिकायत की। कलुआही की अमला देवी ने अपने सेवानिवृत्त शिक्षक पति की वर्षों से लंबित बकाया अंतर राशि के भुगतान की मांग की। अंधराठाढ़ी के सौरभ कुमार मेहता ने पीएचसी के चिकित्सक पर ड्यूटी रोस्टर का पालन नहीं करने और निजी नर्सिंग होम संचालित करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारी की प्रतिक्रिया
राजनगर के बिनोद कुमार चौधरी ने समिति का निर्णय होने के बावजूद निजी भूमि को रोक सूची से मुक्त नहीं किए जाने की समस्या रखी। रहिका की सविता देवी ने उद्योग विभाग से संबंधित पीएमईजीपी ऋण में अनुदान समायोजन निर्गत नहीं किए जाने की शिकायत की। बाबूबरही के राजकुमार सिंह ने ग्राम बरैल में सार्वजनिक भूमि पर किए गए कथित गैरकानूनी अतिक्रमण को खाली कराने की मांग की। वहीं, कलुआही के मलमल निवासी अगम लाल यादव ने 45 वर्षों से दखल-कब्जे वाली गैरमजरुआ जमीन का बंदोबस्ती पर्चा उपलब्ध कराने का आवेदन दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालय कक्षों में उपस्थित होकर जिले भर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। अपर समाहर्ता ने अधिकारियों को शिकायतों का पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन होने से लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उन्हें बेहतर प्रशासनिक सेवा मिल सकेगी।


