Hindi NewsBihar NewsMadhubani NewsDamien Foundation Team Reviews Leprosy Elimination Program in Madhubani
बेल्जियम से पहुंची डेमियन फाउंडेशन की टीम ने कुष्ठ रोग उन्मूलन का लिया जायजा

बेल्जियम से पहुंची डेमियन फाउंडेशन की टीम ने कुष्ठ रोग उन्मूलन का लिया जायजा

संक्षेप:

मधुबनी में डेमियन फाउंडेशन की टीम ने कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम का निरीक्षण किया। टीम ने स्वास्थ्य केंद्रों का मूल्यांकन करते हुए मरीजों से फीडबैक लिया। जिले में कुष्ठ रोग नियंत्रण संतोषजनक है और मरीजों को समय पर एमडीटी दवाएं मिल रही हैं। 40 मरीजों को सामाजिक सुरक्षा प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए हैं।

Dec 03, 2025 09:44 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मधुबनी
share Share
Follow Us on
मधुबनी, नगर संवाददाता। जिले में बेल्जियम से पहुंची डेमियन फाउंडेशन की टीम ने बुधवार को कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम का जायजा लिया। डेमियन फाउंडेशन बेल्जियम के सहयोग से संचालित कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम का मूल्यांकन फाउंडेशन की दो सदस्यीय टीम (फ्रांसेन मार्क एवं डॉ. जुअन) ने किया। टीम ने स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करते हुए मरीजों से सीधा फीडबैक प्राप्त किया और जिले में चल रही गतिविधियों की समीक्षा की। टीम के सदस्यों ने कहा कि जिले में कुष्ठ रोग नियंत्रण एवं उपचार व्यवस्था संतोषजनक है और मरीजों को समय पर मल्टी ड्रग थेरेपी (एमडीटी) दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान में जिले में 600 कुष्ठ रोगी नियमित रूप से दवा का सेवन कर रहे हैं और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं। सामाजिक पुनर्वास को प्रोत्साहन देने के लिए सामाजिक सुरक्षा एवं पोषण कार्यक्रम के तहत 40 मरीजों को प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेशन) जारी किए गए हैं। इन प्रमाणपत्रों के आधार पर मरीजों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि का नियमित भुगतान किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक सहयोग प्राप्त हो रहा है। एसीएमओ डॉ एसएन झा ने बताया कि समुदाय की जागरूकता, समय पर पहचान और उपचार के माध्यम से जिले में कुष्ठ रोग के मामलों में लगातार कमी आ रही है। उन्होंने कहा कि डेमियन फाउंडेशन जैसे सहयोगी संस्थानों के साथ मिलकर स्वास्थ्य विभाग कुष्ठ रोग उन्मूलन के लक्ष्य की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। मौके पर डॉ पी कृष्णमूर्ति प्रेसिडेंट (डीएफआईटी), डॉ शिवा कुमार सचिव डीएफआईटी, डॉ सर्वथा राय, प्रदीप कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें
जांच व इलाज नि:शुल्क प्रदान कराती है सरकार :

डॉ झा ने बताया कि कुष्ठ का सही समय पर इलाज नहीं शुरू किया गया, तो बाद में यह लाइलाज हो जाता है। जिसके बाद मरीज को आजीवन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोग समय पर कुष्ठ का इलाज करा सकें, इसके लिये सरकार जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कुष्ठ रोग की जांच के साथ उसका इलाज भी नि:शुल्क प्रदान कराती है।

कुष्ठ रोग के लक्षण:

त्वचा पर थोड़े लाल, हल्के स्पॉट धब्बे होना, हाथ या पैर की उंगली का सुन्न होना। त्वचा के बाल झड़ने जैसी समस्या पैदा होना। कोई नुकीली चीज चुभाने पर भी अहसास न होना। शरीर पर जगह-जगह चकत्ते पड़ना। पलकें सामान्य से कम झपकना आदि शामिल हैं।