Madhubani News: समय पर जांच से कैंसर को मात देना संभव, नि:शुल्क स्क्रीनिंग की अपील

हिन्दुस्तान, मधुबनी
Follow us on Google News
share

Madhubani News: मधुबनी में होमी भाभा कैंसर अस्पताल द्वारा कैंसर स्क्रीनिंग अभियान के सकारात्मक नतीजे आए हैं। नवंबर 2022 से मई 2026 तक 70,695 लोगों की जांच की गई, जिसमें 28,637 पुरुष और 42,058 महिलाएं शामिल हैं। कैंसर की शुरुआती पहचान से इलाज संभव हो सका है।

Madhubani News: समय पर जांच से कैंसर को मात देना संभव, नि:शुल्क स्क्रीनिंग की अपील

Madhubani News: मधुबनी, एक संवाददाता। होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं सदर अस्पताल स्थित एनसीडी क्लिनिक के संयुक्त सहयोग से चलाए जा रहे कैंसर स्क्रीनिंग अभियान के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। नवंबर 2022 से मई 2026 तक कुल 70,695 लोगों की विभिन्न कैंसर की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 28,637 पुरुष और 42,058 महिलाएं शामिल हैं। यह आंकड़ा दर्शाता है कि जागरूकता बढ़ने से लोग जांच के लिए आगे आ रहे हैं।

कैंसर जांच के विशेष परिणाम

मुख कैंसर में मिले 28 कन्फर्म केस अभियान के तहत तंबाकू सेवन से जुड़े मुख कैंसर की जांच पर विशेष फोकस रहा। 70,695 लोगों की ओरल विजुअल जांच की गई। इसमें 541 संदिग्ध और 76 अति-संदिग्ध मामले चिह्नित किए गए। जांच के बाद इनमें से 28 मरीजों में कैंसर की पुष्टि हुई। समय पर पहचान होने से इन मरीजों का इलाज शीघ्र शुरू किया जा सका।

महिलाओं के कैंसर की जांच

महिलाओं में सबसे अधिक होने वाले स्तन कैंसर के लिए 35,590 महिलाओं की क्लिनिकल ब्रेस्ट जांच की गई। इसमें 155 संदिग्ध और 22 अति-संदिग्ध केस मिले। जांच के बाद 18 महिलाओं में स्तन कैंसर की पुष्टि हुई। डॉक्टरों का कहना है कि 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं हर माह स्वयं जांच करें और साल में एक बार डॉक्टर से जांच अवश्य कराएं। गर्भाशय के मुख के कैंसर की जांच के लिए 4,023 महिलाओं की जांच की गई। 45 संदिग्ध महिलाओं में से 6 मरीजों में कैंसर की पुष्टि हुई। विशेषज्ञों के अनुसार यह कैंसर पूरी तरह रोकथाम योग्य है, यदि समय पर जांच और टीकाकरण किया जाए।

जागरूकता सत्र और प्रशिक्षण

अभियान के दौरान 283 स्क्रीनिंग कैंप लगाए गए और 342 जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों के माध्यम से लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षण, बचाव और जांच की महत्ता समझाई गई। 245 आशा, एएनएम और स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया ताकि वे गांव-गांव जाकर लोगों को प्रेरित कर सकें। स्क्रीनिंग में ब्लड कैंसर, गॉल ब्लैडर कैंसर, ल्यूकेमिया सहित अन्य प्रकार के कैंसर के 23 मामले भी सामने आए। सभी मरीजों को उच्च केंद्रों पर रेफर कर इलाज शुरू किया गया। सदर अस्पताल के एनसीडी डिपार्टमेंट में संचालित, होमी भाभा कैंसर अस्पताल की डॉ. रिया कश्यप और आसिया अर्शद ने बताया कि जागरूक रहकर और समय पर जांच कराकर कैंसर जैसी घातक बीमारी को मात दी जा सकती है। उन्होंने अपील की कि लोग शर्म न करें और बेझिझक सदर अस्पताल स्थित एनसीडी क्लिनिक में आकर नि:शुल्क परामर्श व स्क्रीनिंग कराएं। शुरुआती अवस्था में पकड़े जाने पर कैंसर का इलाज संभव है और मरीज सामान्य जीवन जी सकता है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

कैंसर स्क्रीनिंग अभियान कब से शुरू हुआ?
कैंसर स्क्रीनिंग अभियान नवंबर 2022 से शुरू हुआ है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।