अर्थशास्त्र व बिहार से संबंधित सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाया
बिहार लोक सेवा आयोग की 71वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा मधुबनी जिले के 26 केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में हुई। परीक्षा में 14976 में से 9200 अभ्यर्थी शामिल हुए। पेपर में अर्थशास्त्र और...
मधुबनी, निज संवाददाता। बिहार लोक सेवा आयोग की 71वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा जिले के 26 केंद्रों पर दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक शांतिपूर्ण एवं कदाचार-मुक्त माहौल में सम्पन्न हुई। इनमें सदर अनुमंडल के 19 केंद्र और झंझारपुर अनुमंडल के 7 केंद्र शामिल थे। प्रशासन ने प्रवेश, सुरक्षा और केंद्रों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूर्व से तैयारी कर ली थी। इसके अनुसार ही सभी केंद्रों पर सघन जांच के बाद अभ्यर्थियों का प्रवेश दिया गया। आयोग को परीक्षा को लेकर भेजे गये खैरियत प्रतिवेदन के अनुसार इस परीक्षा में 14976 अभ्यर्थियों में से केवल 9200 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए।
इस परीक्षा में 5776 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। अधिकांश अभ्यर्थियों ने कहा कि पेपर मध्यम से थोड़ा कठिन था। विशेष कर अर्थशास्त्र और बिहार-विशेष विषयों में पूछे गए प्रश्नों ने कुछ छात्रों को चुनौती दी। कुछ अभ्यर्थियों ने बताया कि करंट अफेयर्स से अपेक्षा से अधिक प्रश्न आए, खासकर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय घटनाओं और बिहार की स्थानीय योजनाओं से जुड़े। अभ्यर्थियों ने बताया कि कुछ प्रश्न बहुत सामान्य और पूर्व वर्षों की हल्की तैयारी से हल हो सकते थे, लेकिन कुछ सवाल ट्रिकी और गहराई से पूछे गए थे, जो विषय विशेष अभ्यास पर निर्भर रहा। इस परीक्षा में करंट अफेयर्स, इतिहास, भूगोल, राजनीति, विज्ञान एवं टेक्नोलॉजी, और बिहार-विशेष विषय प्रमुख रहे। प्रशासनिक तैयारी में हुई परीक्षा समय प्रबंधन को लेकर इस परीक्षा में खास तैयारी की गयी थी। प्रवेश द्वार 9:30 बजे से खुला और 11 बजे के बाद किसी को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी, वीडियोग्राफी, जैमर और बायोमेट्रिक उपकरणों की व्यवस्था रही। दंडाधिकारी सह प्रेक्षक और जोनल-गश्ती अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी। अभ्यर्थियों ने कहा कि ठहरने, लॉज व्यवस्था, यातायात तथा होटल में सुविधाओं में कुछ कमी महसूस हुई। परीक्षा पैटर्न एवं सवालों की संख्या-विषय परीक्षा पैटर्न के अनुसार बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में 150 प्रश्न पूछे गये। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का था। परीक्षा अवधि 2 घंटे की थी। प्रत्येक विकल्प प्रश्न शैली का था। उल्लेखनीय है कि इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान है, गलत उत्तर देने पर 1/3 अंक की कटौती होगी। इसे लेकर अभ्यर्थी काफी सर्तक दिखे। अभ्यर्थियों ने बताया कि पूर्ण कंफिडेंस वाले सवालों को ही वे हल किये हैं। इस परीक्षा में सामान्य अध्ययन में इतिहास, भूगोल, राजनीति, अर्थशास्त्र, विज्ञान, प्रचलित घटनाओं से संबंधित सवाल पूछे गये। वहीं बिहार विशेष विषय से संबंधित बिहार का इतिहास, भूगोल, राजनीतिक व्यवस्था, अर्थव्यवस्था आदि सवाल पूछे गये थे। अभ्यर्थियों ने कहा केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश, पहचान और सुरक्षा जांच प्रक्रियाएं ठीक वैसी ही थीं जैसा कि बताया गया था। प्रवेश द्वार पर फ्रिस्किंग, पहचान पत्र मिलान और एडमिट कार्ड सत्यापन सुनिश्चित किया गया। कुछ अभ्यर्थियों ने कहा कि लाज और होटल की स्थिति ठीक नहीं थी, बाहर से आने वालों को आवागमन और रहने-खाने में असुविधा हुई। अभ्यर्थी सतीश कुमार, दिव्या रानी, सुदीप राय, मनीषा कुमारी व अन्य ने बताया कि केंद्रों पर बैठने की दूरी, व्यवस्था अच्छी रही, बेंचों के बीच पर्याप्त स्पेस रखा गया था। केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू करने तथा पुलिस तैनाती की व्यवस्था की थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




