Madhubani News: कपिलेश्वर स्थान में ग्राम रक्षा दल का प्रशिक्षण शिविर शुरू
Madhubani News: मधुबनी के कपिलेश्वर स्थान में बिहार ग्राम रक्षा दल के 30 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मेंद्र दास ने की। स्थानीय नेताओं और ग्राम रक्षा दल के सदस्यों की मौजूदगी में रक्षात्मक भूमिका और सामाजिक सेवाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया। इससे युवाओं में सेवा भावना बढ़ेगी।

Madhubani News: मधुबनी। जिले के कपिलेश्वर स्थान में बिहार ग्राम रक्षा दल के 30 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ बुधवार को किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव सह जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र दास ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों को मिथिला की परम्परा के अनुसार पाग और दोपटा से सम्मानित किया गया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित और फीता काटकर प्रशिक्षण शिविर का विधिवत उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पंचायती राज पदाधिकारी रहिका, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभांशु झा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नलिनी रंजन झा, राजद के पूर्व विधायक रामाशीष यादव, भाकपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, रहिका थाने के एसआई विनोद कुमार, जगतपुर पंचायत के सरपंच अजीत सिंह मौजूद रहे।
इसके अलावे प्रदेश महासचिव सह जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र दास, रहिका प्रखंड अध्यक्ष दीप नारायण चौपाल, उपाध्यक्ष अंकित कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रमन झा सहित जिले भर से आए ग्राम रक्षा दल के सदस्य शामिल हुए। प्रशिक्षण शिविर में अनुशासन, समाज सेवा और आपदा प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। वक्ताओं ने कहा कि ग्राम रक्षा दल गांव की सुरक्षा और विकास में अहम भूमिका निभाता है।प्रशिक्षण से युवाओं में सेवा भावना मजबूत होगी। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।


