सशक्त स्थायी समिति का चुनाव को विभाग ने किया स्थगित
बिहार सरकार ने नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के निर्वाचन को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। चुनाव प्रक्रिया पहले 15 से 25 अप्रैल के बीच पूरी करने का निर्देश था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे रोक दिया गया है। इस निर्णय से असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

शैलेंद्र कुमार मधुबनी। नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार ने नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के निर्वाचन को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही नगर निगम मधुबनी, जयनगर, घोघरडीहा, फुलपरास, बेनीपट्टी नगर पंचायत व झंझारपुर नगर परिषद के लिए चुनाव को लेकर पार्षदों के बीच मची आपाधापी पर ब्रेक लग गया है। इस संबंध में विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि पूर्व में विभागीय अधिसूचना के आलोक में 15 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच चुनाव प्रक्रिया पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया था। डीएम आनंद शर्मा ने जिले के सभी निकायों में चुनाव के लिए 18 अप्रैल की तिथि निर्धारित किया था।हालांकि
अपरिहार्य कारणों से इस निर्वाचन प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को पूरा करने के लिए नई समय-सारणी शीघ्र ही जारी की जाएगी। अब इस फैसले के बाद नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर फिलहाल असमंजस की स्थिति बन गई है। क्योंकि इसके लिए जारी आदेश के साथ ही पूर्व के सशक्त स्थायी समिति को भंग माना गया था। उल्लेखनीय है कि मधुबनी नगर निगम सहित सभी निकायों में चुनाव को लेकर राजनीतिक तापमान बढ़ गया था। हालांकि मधुबनी नगर निगम के महापौर अरुण राय ने सभी 45 वार्ड पार्षद को सम्मानित बताते हुए लोकतांत्रिक व पारदर्शित व निष्पक्ष चुनाव में सभी की समान भागीदारी करते हुए अपना रूख स्पष्ट कर दिया है। इन्होंने बताया कि चुने गये सभी सम्मानित सात सदस्यों के साथ समान भागीदारी व सहभागिता के साथ शहर को सर्वांगीण विकास किया जायेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


