Hindi NewsBihar NewsMadhubani NewsBihar Assembly Elections Normalcy Returns to Madhubani After Peaceful Voting
चुनाव के बाद जनजीवन सामान्य, बाजारों में लौटी रौनक और सड़कों पर जाम

चुनाव के बाद जनजीवन सामान्य, बाजारों में लौटी रौनक और सड़कों पर जाम

संक्षेप: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद मधुबनी का जनजीवन सामान्य हो गया। लोग अपनी रोजमर्रा की गतिविधियों में जुट गए, बाजारों में भीड़ उमड़ी और व्यापारिक प्रतिष्ठान खुल गए। हालांकि, यातायात में बढ़ोतरी से कुछ जगहों पर जाम की स्थिति बनी रही, लेकिन दोपहर बाद स्थिति सामान्य हो गई।

Wed, 12 Nov 2025 10:12 PMNewswrap हिन्दुस्तान, मधुबनी
share Share
Follow Us on

मधुबनी,निज प्रतिनिधि। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद बुधवार की सुबह से जिले का जनजीवन फिर से सामान्य पटरी पर लौट आया। मतदान की व्यस्तता खत्म होते ही लोग अपनी रोजमर्रा की गतिविधियों में जुट गए। सुबह होते ही शहर में रौनक लौट आई। दुकानों के शटर खुलते ही बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सब्जी, फल, किराना और कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। मतदान के कारण दो दिनों तक बंद पड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान और बाजार अब पूरी तरह खुल गए हैं। शहर के दफ्तरों, बैंकों, स्कूलों और कॉलेजों में भी सामान्य गतिविधियां शुरू हो गईं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सरकारी कर्मचारी, प्राइवेट स्कूल के शिक्षक और छात्र अपने कार्यस्थलों की ओर जाते दिखे। वहीं, सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाने से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात का दबाव स्पष्ट दिखा। खासकर शंकर चौक, आर.के. कॉलेज रोड, स्टेशन चौक, रेलवे स्टेशन रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह जगह पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहे। सुबह से लेकर दोपहर तक कई जगहों पर रुक-रुक कर जाम लगा रहा, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि, दोपहर बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी और वाहनों की आवाजाही सुचारू हो गई।दुकानदारों ने उम्मीद जताई कि चुनाव समाप्त होते ही बाजार में फिर से खरीदारी का माहौल बनेगा और व्यापार सामान्य रूप से चलने लगेगा।