
जिले के सभी स्कूलों में आज से टैबलेट से छात्रों की बनेगी हाजिरी
मधुबनी जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में गुरुवार से छात्रों और शिक्षकों की उपस्थिति टैबलेट के माध्यम से दर्ज की जाएगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 15 जनवरी 2026 से यह प्रक्रिया शुरू हो। इससे विद्यालयों में उपस्थिति प्रणाली अधिक पारदर्शी और प्रभावी होगी।
मधुबनी/खजौली, निज प्रतिनिधि। जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में गुरुवार से छात्रों और शिक्षकों की उपस्थिति टैबलेट के माध्यम से दर्ज की जाएगी। इसको लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी, मधुबनी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। यह निर्णय पिछले दिन शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में लिया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय कुमार पाण्डेय ने बताया कि विद्यालयों को उपलब्ध कराए गए टैबलेट का उपयोग अब नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करने के लिए किया जाएगा। इसके लिए यह अनिवार्य किया गया है कि सभी टैबलेट का एमडीएम एक्टिवेशन और ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर पंजीकरण पूर्ण हो।
जिन विद्यालयों में अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, उनकी सूची पत्र के साथ संलग्न की गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि टैबलेट के लिए नामित शिक्षक का अंतर-जिला स्थानांतरण हो चुका है, तो संबंधित विद्यालय द्वारा किसी अन्य शिक्षक को नामित कर टैबलेट संबंधी कार्य के लिए अधिकृत किया जाए। जिला शिक्षा कार्यालय ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे 15 जनवरी 2026 से टैबलेट के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने के लिए आवश्यक तैयारी समय पर पूरी कराएं। इस संबंध में सभी प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को भी सूचना एवं अनुपालन के लिए पत्र भेजा गया है। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से विद्यालयों में उपस्थिति प्रणाली अधिक पारदर्शी और प्रभावी होगी तथा शिक्षण व्यवस्था की नियमित निगरानी संभव हो सकेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




