गजहरा में एक घंटे तक अपराधियों ने की लूटपाट, गांव में कैम्प कर रही पुलिस
गजहरा गांव में पूर्व प्राचार्य दयाकांत झा के घर पर हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की। लगभग दो दर्जन नकाबपोश अपराधियों ने 5 लाख नकद, 52 भरी सोना और चांदी समेत एक करोड़ से अधिक की लूट की। पुलिस ने जांच शुरू की है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।

लदनियां,नि सं। थाना क्षेत्र के गजहरा गांव निवासी सिद्धेश्वरी लक्ष्मीनाथ संस्कृत महाविद्यालय गजहरा के पूर्व प्राचार्य दयाकांत झा के घर में हथियारबंद अपराधियों ने भीषण डकैती को अंजाम दिया। लगभग दो दर्जन हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने पांच लाख नकद, 52 भरी सोना व चांदी समेत एक करोड़ से अधिक के सामान लूट लिए। रात के 12 बजे के बाद पहुंचे डकैतों ने एक घंटे से अधिक देर तक लूटपाट की। लूट के बाद अंत में उत्तर दिशा की ओर भागते हुए फायरिंग की। एसपी के आदेश पर श्वान दस्ता को भी घटना का उद्भेदन करने में लगाया गया। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
वैसे पुलिस ने पूछताछ के लिए एक ग्रामीण सूर्यनाथ झा को अपने कब्जे में लिया है। एसपी ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरा खंगाला जा रहा है। लदनियां थाने का निरीक्षण करने पहुंचे डीआईजी मनोज तिवारी ने भी पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हालांकि इस मामले में खबर लिखे जाने तक गृहस्वामी द्वारा थाने में आवेदन नहीं दिया गया था। थानाध्यक्ष अनूप कुमार ने बताया कि घटना का उद्भेदन शीघ्र कर लिया जाएगा। लदनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत गजहरा गांव की डकैती की घटना में अपराधियों ने जिस सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। उसने लोगों के रोंगटे खड़े हो रहा है। बताया गया कि बदमाशों ने पहले घर के बाहर में लगे सीसीटीवी कैमरों को घुमा दिया और ढक दिया। ताकि उन लोगों की पहचान न हो सके। इसके बाद वे बारी बारी से कमरों में घुसे और लूटपाट की। घटना की शैली को लोग डाका कांड जैसी संगठित वारदात से जोड़कर देख रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अपराधी तकनीक को भी निष्प्रभावी कर दें तो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




