Madhubani News: थाने से 150 मीटर दूर दारोगा पर जानलेवा हमला, बाइक व मोबाइल लूटे
Madhubani News: रहिका में तीन हथियारबंद बदमाशों ने एक दारोगा पर चाकू से हमला किया और मोबाइल लूट लिया। बदमाशों ने चौकीदार से पिस्टल के बल पर बाइक भी लूट ली। इस घटना के बाद जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस को 20 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है।

Madhubani News: रहिका। रहिका थाने से महज 150 मीटर की दूरी पर गुरुवार देर रात तीन हथियारबंद बदमाशों ने एक दारोगा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने दारोगा का मोबाइल छीन लिया और साथ रहे चौकीदार से पिस्टल के बल पर बाइक लूट ली। घटना एनएच-527बी स्थित एक पेट्रोल पंप के पास रात करीब 10:30 बजे की है। रहिका थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर रूपक रंजन और चौकीदार किशोर कुमार पास के एक होटल से खाना खाने के बाद बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने दारोगा रूपक रंजन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू उनके पैर के ऊपरी हिस्से में लगा। इसके बाद बदमाशों ने उनका मोबाइल छीन लिया और चौकीदार को पिस्टल दिखाकर उसकी बाइक लूट ली। अपराधियों ने दारोगा और चौकीदार दोनों के साथ मारपीट भी की। घायल दारोगा और चौकीदार को तत्काल रहिका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
पुलिस जांच और कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देश पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना थाना से चंद कदम की दूरी पर दरभंगा-जयनगर एनएच-527बी पर हुई, जहां रातभर वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद अपराधी वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।
पुलिस की निष्क्रियता
मामला दबाने में जुटी रही पुलिस, 20 घंटे बाद भी खाली हाथ
घटना के 20 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस अपराधियों का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। शुरुआत में थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि से भी इनकार किया, लेकिन सोशल मीडिया पर जानकारी वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को स्वीकार किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाना के इतने करीब पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।
जयनगर-दरभंगा रोड पर अपराधी
जयनगर-दरभंगा रोड पर शाम ढलते ही अपराधी सक्रिय हो जाते हैं। बीते एक महीने में इस मार्ग पर लूट और गोलीबारी की आधा दर्जन से अधिक वारदातें हो चुकी हैं। हाल ही में पटना लौट रहे एक स्कॉर्पियो चालक को गोली मारी गई थी। इसके बाद किराया लेकर दरभंगा जा रहे एक ऑटो चालक को निशाना बनाया गया। फिर एक शिक्षक से रात में पिस्टल के बल पर बाइक और अन्य सामान लूट लिया गया।
रहिका थाना के सब-इंस्पेक्टर रूपक कुमार और चौकीदार के साथ तीन अपराधियों ने लूटपाट और मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है। जल्द ही सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-योगेंद्र कुमार, एसएसपी, मधुबनी


