आवास योजना में गड़बड़ी पर भड़की प्रभारी मंत्री, बीडीओ को लगाई फटकार

Newswrap हिन्दुस्तान, मधुबनी
share

झंझारपुर में मुख्यमंत्री की 'सहयोग शिविर' योजना के तहत आयोजित शिविर में आवास योजना की अनियमितताओं को लेकर लाभुकों ने आक्रोश दिखाया। प्रभारी मंत्री लेसी सिंह ने शिकायतें सुनकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों में किया जाए, अन्यथा निलंबन की कार्रवाई होगी।

आवास योजना में गड़बड़ी पर भड़की प्रभारी मंत्री, बीडीओ को लगाई फटकार

झंझारपुर। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी “सहयोग शिविर” योजना के तहत मंगलवार को प्रखंड के काको पंचायत में आयोजित शिविर में आवास योजना की अनियमितताओं को लेकर जमकर आक्रोश दिखा। भारी संख्या में पहुंचे लाभुकों ने घर निर्माण के बाद भी राशि नहीं मिलने, आवास सहायक एवं वार्ड सदस्यों द्वारा अवैध उगाही किए जाने तथा चयन में गड़बड़ी की शिकायत प्रभारी मंत्री लेसी सिंह के समक्ष रखी।

शिकायतें और मंत्री की प्रतिक्रिया

शिकायतें सुनते ही प्रभारी मंत्री का तेवर सख्त हो गया और उन्होंने मौके पर मौजूद बीडीओ पंकज कुमार दीक्षित को कड़ी फटकार लगाई। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी 108 आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर हर हाल में किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिविर में आवास योजना से जुड़ी शिकायतें सबसे अधिक रहीं।

लाभुकों के आरोप

पांच दर्जन से अधिक लोगों ने अलग-अलग आवेदन देकर आरोप लगाया कि राशि स्वीकृत होने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। कई महिलाओं ने समूह बनाकर आवास सहायक और वार्ड सदस्यों पर घूस मांगने का आरोप लगाया। काको पंचायत की रेणु देवी, मोहम्मद रहमत, हीरा देवी एवं झौआ की पुनीता देवी सहित कई लोगों ने पैसे लेने के बावजूद आवास स्वीकृत नहीं करने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं नागेंद्र झा ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र के नाम स्वीकृत इंदिरा आवास की पहली किस्त किसी दूसरे खाते में भेज दी गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया।

अन्य मुद्दे और अधिकारी

आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-98 की सेविका ललिता देवी ने केंद्र के लिए भवन निर्माण की मांग उठाई। शिविर में एसडीएम कुमार गौरव, एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा, सीओ प्रशांत कुमार झा, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता रविंद्र कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी चंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

यह शिविर कब आयोजित किया गया था?
यह शिविर मंगलवार को आयोजित किया गया था।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।