Madhubani News: समय सीमा खत्म होने के चार माह बाद भी अमृत भारत स्टेशन का पूरा नहीं हुआ काम
Madhubani News: मधुबनी में जयनगर, मधुबनी और सकरी रेलवे स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना का काम धीमी रफ्तार से चल रहा है। जयनगर में 60%, मधुबनी में 80% और सकरी में 90% काम हुआ है। परियोजना का लक्ष्य मार्च 2026 तक पूरा होना था, जिसे अब नवंबर 2026 तक बढ़ा दिया गया है।

Madhubani News: मधुबनी। जिले के जयनगर,मधुबनी एवं सकरी रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना का काम चल रहा है। लेकिन इसकी रफ्तार काफी धीमी है। हाल यह है कि पिछले दो साल में जयनगर में करीब 60 फीसदी, मधुबनी में करीब 80 फीसदी एवं सकरी में करीब 90 फीसदी ही काम हुआ है। वर्ष 2024 से चल रहे अमृत स्टेशन योजना का काम मार्च 2026 में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित था। ऐसे में अब नवम्बर 2026 तक पूरा करने के लिए इसे विस्तारित किया गया है। योजना के तहत मधुबनी स्टेशन के पुनर्विकास कार्य पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। मोदी की इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए राशि की कोई कमी नहीं है। इसमें मुख्य बाधा संवेदक एवं निर्माण एजेंसियों के बीच समन्वय की कमी और नक्शा एवं जरूरी निर्णय लेने में विलंब भी कारण है। मधुबनी रेलवे स्टेशन पर दो मंजिला भवन तो तैयार है। लेकिन फिनिसिंग का काम अधूरा है। अभी सिर्फ पुट्टी का काम चल रहा है। वह भी काफी धीमी गति से। वैसे संवेदकों का कहना है कि समय पर नक्शा नहीं मिलने, विधान सभा चुनाव एवं बरसात के कारण काम प्रभावित हुआ है। पार्किग एरिया का काम भी अधूरा पड़ा है।
यात्रियों के लिए कई नई सुविधाएं प्रस्तावित थीं जो नहीं बनी
मधुबनी में यात्रियों के लिए मार्डन आधारभूत संरचना के साथ मॉर्डन शौचालय एवं यात्री प्रतीक्षालय हॉल का निर्माण किया गया है। लेकिन फिनिशिंग का कार्य बाकी है। स्टेशन पर दो जेनरल क्लास वेटिंग हॉल एवं एक अपर क्लास वेटिंग हॉल का निर्माण किया गया है। लाइटिंग की भी बेहतर व्यवस्था होनी है, जो नहीं हुआ है। मधुबनी स्टेशन को सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना है। जो अभी तक नहीं किया गया है। सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, करीब 12 मीटर चौड़ा नये फुट ओवर ब्रिज और दिव्यांगों के लिए यात्री सुविधा का विस्तार करना था जो नहीं हुआ है। रेलवे स्टेशन के पुराने भवन की रिमॉडलिंग किया जाना है जो नहीं किया गया है। संभावना है कि नये भवन तैयार होने के बाद रिमॉडलिंग किया जाएगा। स्टेशन भवन, प्लेटफार्म, स्टेशन का दोनों गेट, टिकट रूम आदि बनना है। जो अभी नहीं बना है।
निर्माण को ले यात्रियों को हो रही परेशानी:
अमृत स्टेशन योजना निर्माण के कारण वर्तमान में यात्रियों को कई तरह की परेशानी हो रही है। सबसे अधिक परेशानी चार चक्का वाहनों के पार्किग को लेकर कम जगह रहने से हो रही है। बुजुर्गो एवं दिव्यांगों को नये भवन में दो जगहों पर कई सीढ़ी पार करनी पड़ती है। टिकट काउंटर भवन की सीढ़ी चढने उतरने में परेशानी होती है। परिसर में लोहा, सिमेंट, बालू , बांस एवं बल्ला रखे जाने से हमेशा चोट लगने का डर बना रहता है।
संवेदकों को अमृत स्टेशन योजना निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिए गए हैं। इसकी मानिटरिंग की जा रही है।
ज्योति प्रकाश मिश्रा,डीआरएम,समस्तीपुर।


