ई-रिक्शा पुलिया से नीचे गिरा, चालक हुआ गंभीर
खजौली-मधुबनी मुख्य सड़क पर मंगलवार को रसीदपुर गांव के निकट एक अनियंत्रित ई-रिक्शा पुलिया से गिर गया, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे बचाया। दूसरी घटना में, पकरसाम गांव में एक अनियंत्रित चारपहिया वाहन एक दुकान में घुस गया, जिससे दो लोग जख्मी हुए।
खजौली। खजौली-मधुबनी मुख्य सड़क पर रसीदपुर गांव के निकट पाइन सागर पुलिया पर मंगलवार को एक अनियंत्रित ई-रिक्शा अचानक पुलिया से नीचे जा गिरा, जिसमें चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत नीचे जाकर चालक को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला और स्थानीय चिकित्सक के यहां प्राथमिक उपचार करवाया। ग्रामीणों ने बताया कि चालक नशे की हालत में था और नरार गांव में पैसेंजर उतारकर मधुबनी लौट रहा था। उन्होंने कहा कि यदि मौके पर लोग मौजूद नहीं रहते, तो घटना जानलेवा साबित हो सकती थी। स्थानीय लोगों ने पुलिया की जर्जर स्थिति पर गंभीर चिंता जताई।

अंग्रेजी शासनकाल में निर्मित यह पुलिया काफी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। पुलिया के दोनों ओर बैरिकेडिंग नहीं रहने के कारण आए दिन छोटे- बड़े हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। दुकान में जा घुसा अनियंत्रित वाहन, दो जख्मी नाजुक : मधवापुर। प्रखंड के पकरसाम गांव के पास एक अनियंत्रित चारपहिया वाहन एक दुकान में जा घुसा। इस घटना में दो लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। दोनों को नाजुक हालत में साहरघाट के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। यह दुर्घटना स्टेट हाईवे-75 पर मंगलवार को हुई। उधर साहरघाट थाना के पुलिस सब इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार ने घटनास्थल पर जाकर मामले का जायजा लिया। संबंधित वाहन को थाने में ले जाने की प्रक्रिया चल रही है। लिखित शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाएगी। घायलों में 35 वर्षीय राजीव पासवान व 56 वर्षीया रीता देवी के नाम शामिल हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




